सुदीक्षा को न्याय के लिए 28 को महापंचायत
ग्रेटर नोएडा। सुदीक्षा के गांव डेरी स्कनर में शुक्रवार को श्रद्धांजलि सभा हुई। इसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों व विभिन्न पार्टियों से जुड़े नेता पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाकर सांत्वना दी। कांग्रेसी नेताओं ने प्रियंका गांधी के संदेश को पढ़कर सुनाया और पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद सौंपी। इसके बाद क्षेत्र के लोगों ने बैठक की और सरकार से मदद नहीं मिलने व सुदीक्षा को न्याय दिलाने के लिए 28 अगस्त को महापंचायत की घोषणा की। इसमें परिजन भी समर्थन करेंगे।
सुदीक्षा के घर सुबह दस बजे हवन कराने के बाद लोग श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचने लगे। ग्यारह बजे के करीब समाजवादी पार्टी की तरफ से पूर्व जिलाध्यक्ष फकीर चंद नागर सपा प्रवक्ता श्याम सिह भाटी, नवीन भाटी समेत कई कार्यकर्ताओं ने पहुंचे। करीब तीन बजे आल इंडिया कांग्रेस कमेटी सदस्य रोहित चौधरी ने सुदीक्षा के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और पार्टी की तरफ से पिता जितेंद्र भाटी व मां गीता को पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद दी। कांग्रेसियों ने प्रियंका गांधी और प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू का संदेश पढ़कर सुनाया। प्रियंका ने लिखा था कि परिवार खुद को अकेला न समझे, दुख की इस घड़ी और न्याय की लड़ाई में वह उनके साथ हैं। इस मौके पर आल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सचिव रोहित चौधरी, अजीद दौला, उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री सतीश शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज मलिक, प्रदेश महासचिव वीरेंद्र सिंह गुड्डू, जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष डाक्टर महेंद्र नागर, पूर्व जिलाध्यक्ष बुलंदशहर श्योपाल सिंह, राजेंद्र अवाना, यूथ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ओमबीर यादव, यूथ जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम नागर, नीरज शर्मा, अशोक पंडित आदि पहुंचे।
कंटेनमेंट जोन खत्म होने पर होगी महापंचायत
श्रद्धांजलि सभा के बाद क्षेत्र के लोगों ने बैठक की। इसमें सुदीक्षा को न्याय दिलाने को लेकर चर्चा की गई। प्रदेश सरकार की ओर से अब तक कोई घोषणा न किए जाने पर भी रोष व्यक्त किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि गांव में कंटेंटमेंट जोन की अवधि पूरी होने के बाद 28 अगस्त को गांव में सर्वसमाज की महापंचायत होगी। इसमें सुदीक्षा को न्याय दिलाने की रूपरेखा तैयार होगी। इसके लिए अभी से गांव-गांव में संपर्क किया जाएगा। इसके लिए संघर्ष समिति भी बनाई गई। इसमें श्याम सिंह भाटी एडवोकेट, अतुल प्रधान, जगबीर सिंह, सुमित नागर और नवीन बैसोया शामिल रहे।