आरोपी स्कूटी को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया
कार चालक की पहचान, कई टीमें कर रहीं तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
द्वारका नॉर्थ थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार मर्सिडीज ने स्कूटी सवार बुजुर्ग और साढ़े चार साल की नातिन को टक्कर मार दी। आरोपी काफी दूर तक दोनों को घसीटता हुआ ले गया। राहगीरों ने घायलों को नजदीकी इंदिरा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से परिजन निजी अस्पताल ले गए। अगले दिन इलाज के दौरान बुजुर्ग अरुण कुमार (69) ने दम तोड़ दिया। बच्ची श्रीद्धा गोस्वामी की हालत गंभीर बनी हुई है, उसके चेहरे पर फ्रेक्चर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की पहचान कर ली है। परिजनों का आरोप है कि टक्कर मारने के बाद यदि कार चालक गाड़ी रोक लेता तो बुजुर्ग की जान बच सकती थी।
पुलिस के मुताबिक, अरुण कुमार परिवार के साथ ककरौला, हाउसिंग कांप्लेक्स, द्वारका मोड़ इलाके में रहते थे। परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां व एक बेटा है। अरुण स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में मैनेजर के पद से रिटायर हुए थे। श्रीद्धा का परिवार द्वारका सेक्टर-12 में रहता है। श्रीद्धा के माता-पिता दोनों नौकरी करते हैं। बुधवार दोपहर श्रीद्धा द्वारका के एक स्कूल गई थी। बुजुर्ग स्कूटी से श्रीद्धा को घर ला रहे थे। इस बीच द्वारका सेक्टर-13, सीएनजी पंप के पास मर्सिडीज ने दोनों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। आरोपी स्कूटी समेत दोनों को दूर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे के बाद आरोपी फरार हो गया। राहगीर दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे। बाद में परिवार और पुलिस को मामले की सूचना दी गई। परिजन बाद में दोनों को निजी अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान बृहस्पतिवार दिन में अरुण कुमार ने दम तोड़ दिया।
नाना को श्रीद्धा से था काफी लगाव
श्रीद्धा के पिता प्रशांत गोस्वामी ने बताया कि अरुण कुमार को नातिन से बहुत लगाव था। वह ज्यादातर उसे अपने घर पर ही रखते थे। यहां तक जब प्रशांत और पत्नी ऑफिस चले जाते थे तो नाना-नानी श्रीद्धा को रात को भी अपने पास रखते थे।
घटना का सीसीटीवी वीडियो हुआ वायरल
सोशल मीडिया पर वायरल सीसीटीवी फुटेज में स्कूटी को काले रंग की मर्सिडीज टक्कर मारकर जाती हुई दिख रही है। हादसे के समय कार की रफ्तार भी काफी तेज थी।