- निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद
- शक के कारण पत्नी पर चाकू से किया था हमला
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने पत्नी पर जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में चाकू भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पवन कुमार (33) निवासी गांव फफूंडा थाना लोहियानगर के रूप में हुई है। सूरजपुर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को ईटा-1 की सर्विस रोड से लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना की मदद से गिरफ्तार किया है।
आरोपी पवन कुमार की शादी वर्ष 2016 में शिवानी से हुई थी। शादी के बाद से ही पवन अपनी पत्नी पर शक करता था। जिससे आए दिन दोनों के बीच विवाद बढ़ा था। हालत बिगड़ने पर शिवानी अपने मायके ईटा-1 ग्रेटर नोएडा में रहने लगी। पुलिस ने बताया कि 23 अगस्त 2025 को शिवानी जब ईटा-1 के गेट नंबर-4 के पास टहल रही थी। तभी आरोपी पवन वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में शिवानी की गर्दन पर गंभीर चोट आई और बचाव के दौरान उसकी हाथ की तीन अंगुलियां भी कट गईं। गंभीर रूप से घायल शिवानी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। पीड़िता ने इस मामले थाने में तहरीर दी थी। जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेजा जाएगा।