फोटो- 05 एयूआरपी 10 सपा कार्यालय में विधायक को मांगपत्र देते सभासद। स्रोत: सभासद
दिबियापुर। फफूंद रेलवे स्टेशन पर बंद ट्रेनों को पुनः संचालित कराने की मांग तेज हो गई है। शुक्रवार को सभासदों ने सपा जिला कार्यालय में मौजूद सपा विधायक प्रदीप यादव को मांगपत्र दिया।
इसके जरिए बंद ट्रेनों का फफूंद स्टेशन पर दोबारा ठहराव शुरू कराने की मांग की है। ज्ञापन में सभासदों व सपा नगर अध्यक्ष ने बताया कि फफूंद रेलवे स्टेशन मध्य रेलवे को 20 करोड़ सालाना आय प्रदान कराता है। इसके बावजूद इस स्टेशन पर गाड़ियों का ठहराव बहुत ही कम है।
कोरोना काल के समय फफूंद रेलवे स्टेशन पर रुकने वाली लिंक एक्सप्रेस व मुरी एक्सप्रेस का ठहराव बंद कर दिया गया। इसके अलावा जनपद के लोगों को मथुरा, गोवर्धन व राजस्थान की ओर कोई ट्रेन न होने से यात्रा करने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
लोगों की मांग है कि प्रयागराज से चलकर इटावा, आगरा व मथुरा की ओर जाने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस का फफूंद स्टेशन पर ठहराव होना चाहिए।
ज्ञापन देने वालों में अजय पोरवाल, राजीव शर्मा, सचिन गुप्ता, कृष्ण कुमार कश्यप, अभय प्रजापति, राहुल आंबेडकर, इकरार खान, इंद्रपाल सिंह, धर्म पाल सिंह सेंगर व सपा नगर अध्यक्ष रवींद्र कुमार पोरवाल शामिल थे। (संवाद)