शाम साढे़ पांच बजे तक कुल मतदान 38.51 प्रतिशत दर्ज
शुरुआती चार घंटे में कुल 12.63 प्रतिशत मतदान हुआ था
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एमसीडी के 12 वार्डों में रविवार को हुए एमसीडी उपचुनाव में मतदान शुरू से लेकर अंत तक उतार-चढ़ाव भरा रहा। पहले दो घंटे में मतदाताओं ने सुस्ती दिखाई और सिर्फ 5.20 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।अगले दो घंटे में यह बढ़कर 7.23 प्रतिशत पर पहुंच गया। इस तरह शुरुआती चार घंटे में कुल 12.63 प्रतिशत मतदान हुआ।
दोपहर में मतदान की रफ्तार में कुछ सुधार देखने को मिला। तीसरे चरण के दो घंटों में 9.21 प्रतिशत वोट पड़े और दोपहर एक बजे तक कुल मतदान 21.84 प्रतिशत हो गया। इसके बाद अगले दो घंटों में मतदान में फिर तेजी आई और 9.29 प्रतिशत वोट दर्ज हुए। दोपहर बाद तीन बजे तक मतदान 31.13 प्रतिशत पहुंच गया। दिन के अंतिम चरण में मतदान की रफ्तार फिर धीमी पड़ी। आखिरी दो घंटों में केवल 7.38 प्रतिशत मतदान हुआ। शाम 5:30 बजे तक सभी बूथों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार कुल मतदान 38.51 प्रतिशत दर्ज किया गया। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, सुबह ठंड और फॉग का असर रहा जिससे शुरुआती घंटों में मतदान बेहद धीमा रहा। दोपहर बाद मतदाताओं की आवाजाही बढ़ी लेकिन शाम होते-होते मतदान फिर थम गया।