गाजियाबाद। निर्वाचक नामावलियों के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम में लापरवाही बरतने वाले 21 बीएलओ के खिलाफ नायब तहसीलदार आलोक यादव ने सिहानीगेट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि बीएलओ अभियान के तहत गणना प्रपत्र एकत्रित कर ऑनलाइन फीड कराने में लापरवाही बरत रहे हैं। आरोपी बीएलओ शिक्षक, विद्युत निगम, जीडीए, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी हैं।
एसीपी नंदग्राम उपासना पांडे ने बताया कि नायब तहसीलदार आलोक यादव के मुताबिक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बीएलओ को चार नवंबर से चार दिसंबर तक मतदाताओं के घर-घर जाकर गणना प्रपत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए थे, लेकिन कुछ बीएलओ अपने कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं और अभियान में सहयोग नहीं कर रहे हैं। नायब तहसीलदार ने लापरवाही बरतने वाले बीएलओ सुनीता शुक्ला, रेनू कुमारी, अनुराधा, अर्चना, चंद्रपाल सिंह, मिलिंद कुमार, मनीष सिशोदिया, दिग्विजय सिंह, अजय कुमार, विनिता, मुकेश गुप्ता, अंकित नागर, राकेश कुमार, सुशील कुमार, पीयूष शर्मा, अरूण कुमार, अनिल कुमार, शशि प्रभा, सीरीन फात्मा और सुनीता पाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। 21 में से आठ महिलाएं बीएलओ हैं। एसीपी का कहना है कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-गणना अवधि में नहीं करेंगे अतिरिक्त काम-
एडीएम व उप जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ भट्ट ने बताया कि वर्तमान में समय में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्य अवधि के अंतर्गत बीएलओ कोई भी अतिरिक्त कार्य नहीं करेंगे। इनसे अतिरिक्त काम कराने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।