संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। शहर में महिलाओं द्वारा करवाचौथ पर्व श्रद्धा, आस्था और उमंग के साथ मनाया गया। सुबह से ही सुहागिन महिलाओं ने व्रत रखकर अपने पति की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना की। बाजारों में साड़ी, चूड़ी, मेंहदी और श्रृंगार सामग्री खरीदने वालों की भीड़ लगी रही।
गांव व शहर के मंदिरों में करवाचौथ की कथा का आयोजन किया गया। जहां महिलाओं ने पारंपरिक रीति से पूजा-अर्चना की। दिनभर महिलाओं ने सोलह शृंगार कर सुहाग के प्रतीक रूप में पारंपरिक गीत गाए। शाम को चांद का दीदार होने पर उन्होंने जल का अर्घ्य देकर व्रत खोला। महिलाओं ने एक-दूसरे को करवाचौथ की शुभकामनाएं दीं और परिवार की खुशहाली की कामना की।