ग्रेटर नोएडा (संवाद)। गलगोटिया विश्वविद्यालय के तीन छात्रों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अर्जुन अवार्ड देकर सम्मानित किया है। इस पर विश्वविद्यालय प्रबंधन ने खुशी जाहिर कर छात्रों को बधाई दी है। तीनों छात्रों ने पेरिस में आयोजित पैरालंपिक-2024 में पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था।
विश्वविद्यालय में बीए के छात्र राकेश कुमार ने तीरंदाजी में कांस्य, एमबीए की छात्रा प्रीति पाल ने 100 और 200 मीटर दौड़ में दो कांस्य और एमए की छात्रा सिमरन ने 200 मीटर की दौड़ में कांस्य पदक जीते थे। 17 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू ने अर्जुन अवार्ड से इन पदक विजेताओं को दिल्ली में सम्मानित किया। चांसलर सुनील गलगोटिया ने तीनों खिलाड़ियों को बधाई देकर कहा कि देश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने एक बार फिर से अपनी कड़ी मेहनत, समर्पण और अनुशासन का परिचय देकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की है। खिलाड़ी देश का और विश्वविद्यालय का मान बढ़ाने के साथ-साथ लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बने हैं।