करीब नौ साल पहले गंगा स्नान कर बाइक से घर लौट रहे व्यक्ति की मौत के मामले में जिला एवं सत्र न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव की अदालत ने बृहस्पतिवार को संभल के चौधरी सराय निवासी अतीक अहमद को दोषी करार दिया है। अदालत ने आरोपी को 10 साल की सजा सुनाने के साथ 71 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थदंड न देने पर उसे साढ़े 8 माह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। आरोपी ने पहले हादसे को सड़क हादसा बताकर बचने की कोशिश की थी। मगर टोल प्लाजा की फुटेज आने के बाद आरोपी को सजा हुई है।
अभियोजन के अनुसार, सुखपाल सिंह 3 नवंबर 2017 की रात गढ़गंगा से गंगा स्नान कर बाइक से अकेले घर लौट रहे थे। अगली सुबह तक वह घर नहीं पहुंचे तो भाई नरेंद्र और परिजन तलाश में निकले। थाना बादलपुर की धूममानिकपुर चौकी क्षेत्र में सड़क किनारे उनकी टूटी बाइक मिली पर सुखपाल का पता नहीं चला था। स्थानीय लोगों ने बताया कि रात करीब 11 बजे किसी तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को टक्कर मारी थी।
अस्पतालों में खोजबीन के बाद परिजन सिकंदराबाद थाने पहुंचे थे। जहां पता चला कि बुलंदशहर जिला अस्पताल की मोर्चरी में अज्ञात शव रखा है। परिजनों ने उसे सुखपाल के रूप में पहचाना। शव सबसे पहले जोखाबाद के तत्कालीन गांव प्रधान धीरेंद्र ने सिकंदराबाद क्षेत्र में श्रीजी सीमेंट के सामने सड़क किनारे पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी थी। डॉक्टर के अनुसार मृतक के शरीर पर चार मृत्यु-पूर्व चोटें थीं। सिर के पीछे, कमर और कूल्हों की चमड़ी घिसकर उतर चुकी थी, पसलियां टूटी थीं। मृत्यु का कारण आघात और अत्यधिक रक्तस्राव बताया गया।
6 नवंबर 2017 को बादलपुर थाने में दर्ज पहली रिपोर्ट अज्ञात वाहन के खिलाफ थी और इसे सड़क दुर्घटना मानकर जांच शुरू हुई थी। करीब डेढ़ माह बाद 18 दिसंबर 2017 को नरेंद्र ने एसएसपी को प्रार्थना-पत्र देकर बताया कि लुहारली टोल प्लाजा की सीसीटीवी फुटेज में टाटा सूमो के नीचे एक शरीर फंसा दिखता है। आरोप था कि चालक ने गाड़ी नहीं रोकी, बत्तियां बुझाईं और बाद में शव सुनसान जगह फेंक दिया था। उन्होंने धारा 304 बढ़ाने की मांग की थी। अगले दिन उन्होंने फुटेज वाली पेनड्राइव भी पुलिस को सौंपी। जांच के बाद पुलिस ने अतीक के खिलाफ धारा 279, 427, 201 और 304 में आरोप-पत्र दाखिल किया।
बचाव पक्ष की दलीलें
मुकदमे में अभियोजन की ओर से 11 गवाह पेश हुए। बचाव पक्ष ने कहा कि यह मामूली सड़क दुर्घटना थी। जिसे अनावश्यक रूप से गैर- इरादतन मानव वध का रूप दिया गया। कोई चश्मदीद नहीं है। वाहन की तकनीकी जांच रिपोर्ट में लोहे की रॉड या एंगल का जिक्र नहीं है और पहली तहरीर की तुलना में बाद के बयानों में नई बातें जुड़ती गईं। इसलिए अभियोजन की कहानी समय के साथ बदली है। वहीं डीजीसी ब्रहजीत भाटी ने बताया कि आरोपी ने फंसे हुए व्यक्ति को जानते हुए गाड़ी करीब 17 किलोमीटर चलाई, जो सामान्य लापरवाही नहीं, बल्कि जान जाने की संभावना जानते हुए किया गया कृत्य है।
परिस्थितियां स्वयं बोलती हैं
अदालत ने माना कि घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं है और मामला परिस्थितिजन्य साक्ष्य पर टिका है। इसलिए सुप्रीम कोर्ट के शरद बिरधीचंद सारदा मामले में तय सिद्धांतों के आधार पर देखा गया कि सिद्ध परिस्थितियों की कड़ी पूरी और अटूट है या नहीं। कोर्ट ने निर्णय लिखते समय खुद पेनड्राइव का वीडियो देखा। टोल प्लाजा के शिफ्ट इंचार्ज सचिन कुमार की गवाही और फुटेज के मुताबिक टोल से गुजरा। बत्तियां बंद थीं। गाड़ी ट्रक के पीछे छिपती दिखी और उसके निचले हिस्से में एक मानवाकृति फंसी नजर आई।
अदालत ने निष्कर्ष निकाला कि अतीक बादलपुर से करीब तीन किलोमीटर दूर धूममानिकपुर में जीटी रोड पर वाहन चला रहा था। उतावलेपन से गाड़ी चलाने के कारण सुखपाल की बाइक से टक्कर हुई और वह वाहन के आगे लगे लोहे के एंगल में फंस गया। यह जानते हुए भी अतीक गाड़ी को तेज रफ्तार से 16-17 किलोमीटर तक भगाता रहा, टोल पर गाड़ी छिपाकर बत्ती बुझाकर निकला और शव को सिकंदराबाद क्षेत्र में सड़क किनारे फेंक दिया था। दुर्घटना का कोई निश्चित हेतुक सिद्ध नहीं हुआ और वादी ने भी माना कि उसकी अतीक से कोई रंजिश नहीं थी। मगर दुर्घटना के बाद परिणाम से बचने का प्रयास ही घटना का हेतुक है। कड़ी पूरी हो तो हेतुक साबित न होना दोषसिद्धि में बाधा नहीं।
सीसीटीवी फुटेज पूरी तरह प्रमाणित है। उसे अविश्वसनीय नहीं माना जा सकता और ऐसे में परिस्थितिया स्वयं बोलती हैं। वाहन में शव फंसा होना, बत्तियां बंद रखना, ट्रक के पीछे छिपने की कोशिश और कुछ दूर आगे शव मिलना, ऐसी कड़ी हैं जो बताती हैं कि अपराध आरोपी ने ही किया।