ग्रेनो वेस्ट की सुपरटेक ईकोविलेज-1 सोसाइटी मेें रहने वाले मल्टीनेशनल कंपनी के मैनेजर ने बताया कि रविवार को वह अपने बच्चों को जूते दिलाने जा रहे थे। लिफ्ट से उतरते ही सामने तरुण अपने पालतू कुत्ते के साथ दिखे। मजल नहीं पहनाने की बात सुनकर तरुण भड़क गया। तरुण ने अभद्रता और मारपीट शुरू कर दी।
इसके बावजूद मैनेजर ने इसकी शिकायत पुलिस से नहीं की। इसके बाद वह सोसाइटी में होने वाले धार्मिक आयोजन के लिए मैनेजर अन्य निवासियों के साथ तैयारियों में जुटे थे। तभी तरुण राज व उनकी पत्नी वहां आ गई। आरोप है कि दंपती ने मैनेजर को देखते ही गाली गलौज व मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान निवासियों ने घटना का वीडियो बनाया और वायरल कर दिया। इस घटना का दूसरा वीडियो सोमवार को वायरल हुआ है। इसमें तरुण भी मैनेजर से मारपीट करता दिख रहा है। बिसरख कोतवाली प्रभारी ने बताया कि इस मामले में आरोपी तरुण राज को गिरफ्तार किया गया है और महिला पर निरोधात्मक कार्रवाई की गई है।
आठ साल यूके में रहकर लौटे हैं मैनेजर
मैनेजर ने बताया कि वह आठ साल यूके में रहकर लौटे हैं। वहां पर कुत्तों को रखने वाले निवासी कड़े नियमों का पालन करते हैं। इसी वजह से उन्होंने तरुण को सलाह दी थी। लेकिन पता चला कि वह पहले भी अन्य निवासियों पर इसी तरह मारपीट आदि कर केस भी दर्ज करा चुका है। इस बार भी तरुण की पत्नी मैनेजर पर ही आरोप लगाने लगीं थीं। लेकिन वीडियो व निवासियों ने पूरी जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की है।