दादरी। रेलवे रोड स्थित मोबाइल दुकान से एक माह पहले 15 लाख रुपये के 100 मोबाइल चोरी करने के मामले में गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पश्चिम बंगाल के मालदा से पकड़े गए आरोपी की पहचान हन्नान शेख उर्फ राजू के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से चोरी के तीन मोबाइल बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी बदमाशों के गिरोह के सरगना समेत तीन फरार हैं। जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार बालाजी एंकलेव निवासी मोहित भाटिया की रेलवे रोड पर पेट्रोल पंप के पास मोबाइल की दुकान है। 8 नवंबर की रात को गिरोह ने छत के रास्ते से ग्रिल तोड़कर दुकान में घुस गए। आरोपियों ने दुकान में रखे करीब 100 नामी कंपनी के मोबाइल व 30 हजार नकदी चोरी कर ली। आरोपियों ने डिब्बे खोलकर मोबाइल निकालकर ले गए थे। पुलिस जांच में पता चला कि गिरोह पश्चिम बंगाल के मालादा है। गिरोह ने रेकी कर वारदात की थी। चोरी के बाद ट्रेन से पश्चिम बंगाल के मालदा चले गए थे। जाते समय ट्रेन में उन्होंने यात्रियों को दो मोबाइल बेच दिए थे।
इसमें एक आरोपी ने मालदा पहुंचकर फोन ऑन कर दिया। पुलिस की टीम मालदा पहुंचकर कालियाचक, गुलाबगंज निवासी हन्नान शेख उर्फ राजू को गिरफ्तार करके बृहस्पतिवार को दादरी कोतवाली ले आई। उसके कब्जे से चोरी के तीन मोबाइल बरामद हुए हैं। आरोपी का भाई भी घटना में शामिल रहा था। गैंग के चार लोगों ने मोबाइल शॉप से चोरी की घटना को अंजाम दिया था। एडिशनल डीसीपी विशाल पांडे ने बताया कि मोबाइल चोरी करने वाले गैंग का एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।