स्वर्ण जीतने वाले एक खिलाड़ी की मां घरों में सहायिका का काम करती हैं
जिला कराटे चैंपियनशिप में पदक जीतने के बाद परिवार को उम्मीद राज्य स्तर पर दोहराएंगे प्रदर्शन
नीतेश कुमार
ग्रेटर नोएडा/नोएडा। नोएडा के सेक्टर-62 स्थित इंडस वैली स्कूल में आयोजित जिला कराटे चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले कुछ खिलाड़ी ऐसे भी हैं, जिनकी आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर है। किसी के पिता मजदूर हैं तो किसी के पिता बर्फ बेचते हैं। वहीं, किसी की मां घरों में सहायिका का काम करती हैं। इसके बाद भी इन खिलाड़ियों ने संघर्षों की आग में तपकर अपने हुनर को निखारा है। इनके परिवार वालों को उम्मीद है कि एक दिन उनकी मेहनत और लगन परिवार की किस्मत बदल देगी।
नोएडा के सेक्टर-62 स्थित इंडस वैली स्कूल में जिला कराटे चैंपियनशिप का आयोजन शनिवार को हुआ था। इसमें ग्रेटर नोएडा के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 20 स्वर्ण पदक सहित एक रजत व एक कांस्य पदक हासिल किया। विजेता खिलाड़ी आठ जून से मथुरा में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी जयदेव के पिता मजदूरी करते हैं, वंशपाल के पिता बर्फ का ठेला लगाते हैं और गगन की मां घरों में सहायिका का काम करती हैं। गगन के पिता को गंभीर चोट है वह घर पर ही रहते हैं। इन सभी खिलाड़ियों की सफलता से इनके परिवार को बहुत उम्मीद है और राज्य स्तर पर भी ऐसा ही प्रदर्शन करने की अपेक्षा है।
प्रतियोगिता में 300 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। विभिन्न आयु वर्ग में दनकौर स्थित द्रोण मल्टी स्पोर्ट्स अकादमी के 22 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इनमें से 20 खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीता। दो ने रजत व कांस्य पदक हासिल किया। पदक जीतने वालों में जयदेव, वाणी शर्मा, निशी, प्राची, नैतिक नागर, केशव भाटी, अंश, मनीष नागर, कुनाल बंसल, लव, तुषार नागर, अंकुर भाटी, रोहित कुमार, किनिश पाल, गगन, हिमांशु भाटी, प्रशांत भाटी, आयुष भाटी, दिवांश शर्मा, अभिमन्यु चौधरी ने स्वर्ण पदक जीता। वंश पाल को रजत और अभय को कांस्य पदक हासिल हुआ। कोच कपिल नागर ने बताया कि चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का अकेडमी पहुंचने पर स्वागत किया गया।
राज्यस्तरीय कराटे चैंपियनशिप के लिए 21 खिलाड़ी चयनित : 12वें जिला कराटे चैंपियनशिप व सलेक्शन प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 21 खिलाड़ियाें का चयन राज्यस्तरीय कराटे चैंपियनशिप के लिए किया गया है। अब यह खिलाड़ी मुथुरा में 8 व 9 जून को होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेंगे।