विवि के सभी विभागों में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं।
लखनऊ। लविवि के 68वें दीक्षांत समारोह सप्ताह का सोमवार को समापन हुआ। इस अवसर विवि के सभी विभागों में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। इसमें बच्चों ने बच्चों ने प्रतिभा का प्रदर्शन कर जीत हासिल की। हिंदी तथा आधुनिक भारतीय भाषा विभाग में निबंध लेखन, स्वरचित काव्यपाठ, आशु भाषण, कहानी पाठ, पोस्टर प्रतियोगिता हुई। श्वेता रावत, मोहित कुमार, सुमित कुमार, सृष्टि गुप्ता को क्रमशः प्रथम, द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ पुरस्कार मिला। इसी तरह दर्शनशास्त्र विभाग में लखनऊ नगर और लखनऊ विश्वविद्यालय का इतिहास पर प्रश्नोत्तरी और क्या धर्मनिरपेक्षता भारतीय संविधान की आत्मा है पर वाद विवाद प्रतियोगिता हुई। क्रमश: अंशिका सिंह और शिवांक विजेता रहे। संस्कृत तथा प्राकृत भाषा विभाग में निबंध लेखन, भाषण व श्लोकोच्चारण प्रतियोगिता हुई। तीनों प्रतियोगिताओं में प्रिया पाण्डेय विजेता रहीं।
वाणिज्य में शरद बने विजेता
वाणिज्य विभाग में प्रत्यक्ष कर कोड- 2025 बनाम आयकर अधिनियम 1961 पर तार्किक चिंतन पर प्रतियोगिता हुई। 20 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इनमें 11 प्रतिभागियों ने प्रत्यक्ष कर कोड 2025 के पक्ष और नौ ने आयकर अधिनियम, 1961 के समर्थन में विचार रखे। बीकॉम प्रथम सेमेस्टर के छात्र शरद सिंह को विजेता घोषित किया गया।
देवांशी ने जीती प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता
इंजीनियरिंग संकाय में इनोवेट आईक्यू उद्यमिता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में 100 से अधिक छात्रों ने भाग लिया। देवांशी प्रथम, अभय द्वितीय और युवराज तृतीय स्थान पर रहे।
11 पुस्तकों का विमोचन करेंगी राज्यपाल
दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल अलग-अलग विभागों के शिक्षकों की 11 पुस्तकों का विमोचन करेंगी। इसकी सूची जारी कर दी गई है।