सलोन (रायबरेली)। प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी को शनिवार रात ग्रामीणों ने बिजली के खंभे में बांध दिया और ईंट-पत्थर मारकर बुरी तरह घायल कर दिया। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर आई और प्रेमी की जान बचाई। प्रेमी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि युवक का कहना है कि वह दवा लेने गया था, गलतफहमी में उसकी पिटाई की गई। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
सलोन इलाके के रहने वाला एक 40 वर्षीय युवक रात करीब 10 बजे मटका ग्राम पंचायत के पूरे गजई गांव गया था। बताते हैं कि युवक प्रेमिका से मिलने गांव पहुंचा था। रात के वक्त ग्रामीणों को शक हुआ तो वह मौके पर पहुंच गए। युवक को रस्सी से खंभे में बांध दिया और ईंट-पत्थरों से हमला करके उसे घायल कर दिया।
इस दौरान युवक खुद को निर्दोष बताता रहा कि वह प्रेमिका से मिलने नहीं बल्कि इलाज कराने आया है। बावजूद इसके ग्रामीण उसकी धुनाई करते रहे। ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने पहुंचकर युवक की जान बचाई। उधर, सलोन कोतवाली प्रभारी राघवन कुमार सिंह का कहना है कि कोई तहरीर नहीं दी गई है।