-जिला उद्योग केंद्र समेत बैंक अधिकारी करेंगे आर्थिक समस्याओं का समाधान
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर के निसबड में आज लोन मेला लगेगा। इसमें जिले के उभरते उद्यमियों और इच्छुक प्रतिभागियों को सरकारी योजनाओं के तहत ऋण सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। जिला उद्योग केंद्र व बैंकों के अधिकारी उनकी आर्थिक समस्या से जुड़ी हर एक चुनौती पर मार्गदर्शन देंगे।
भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय के अधीन सेक्टर 62 स्थित राष्ट्रीय उद्यमिता एवं लघु व्यवसाय विकास संस्थान (निसबड) में आज रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। फैकल्टी मनीष ने बताया कि इस शिविर में जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी) के अधिकारी सरकारी सहायता योजनाओं की जानकारी देंगे, साथ ही विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे जो लोन दिलाने में प्रत्यक्ष मार्गदर्शन करेंगे। फैकल्टी निधि ठाकुर ने बताया कि यह कार्यक्रम विशेष रूप से उन लोगों के लिए लाभकारी होगा जो स्वरोजगार या स्टार्टअप की दिशा में कदम बढ़ाना चाहते हैं। फैकल्टी के अनुसार ऐसे नव उद्यमी जिन्होंने निसबड के किसी भी केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त किया हो और वह अपना उद्यम शुरू करने के लिए आर्थिक मदद की तलाश में हों, उन सभी को सेक्टर 62 स्थित निसबड के परिसर में सुबह 10:30 बजे से आकर अपना पंजीकरण कराना होगा। अधिक जानकारी के लिए दिए गए नंबर 8826894375 पर संपर्क कर हर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।