पुन्हाना/पिनगवां/नगीना/फिरोजपुर झिरका। रविवार को उपमंडल के गांव पिनगवां, पुन्हाना, बिछौर, शाहचैखा, सिंगार आदि में हल्की बारिश हुई। किसानों ने इस हल्की बारिश को फसल के लिए फायदेमंद बताया। हालांकि, बारिश के कारण शनिवार शाम अचानक ठंड बढ़ गई।
किसान जाकिर, सोहराब आदि का कहना है कि हल्की बारिश से उगी हुई फसल को फायदा होगा। थोड़ी तेज बारिश हो जाती तो जो लोग अब तक बिजाई नहीं कर सके हैं, उनको फायदा होता। फिलहाल खेतों में गेहूं सरसों आदि फसलों की बिजाई चल रही है। कुछ गांवों में किसान बिजाई कर चुके हैं। इसके बाद फसल के लिए पानी की जरूरत है।
अधिकतर किसानों ने अपने खेतों के पलेव कर लिए हैं। जिन इलाकों में खारा पानी है और नहरी पानी की व्यवस्था नहीं है, वहां किसानों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। पूरे जिले में दोपहर साढे़ 3 से 6 बजे तक बारिश हुई है। कुछ इलाकों में छिटपुट ओले भी पड़े हैं, लेकिन उससे फसल को कोई नुकसान नहीं है। हाजी नियामत कोटिया, चौधरी सोहराब सिरौली, महमूद सरपंच नोटकी, कल्लू गुम्मट बिहारी आदि किसानों ने बताया कि कहीं ज्यादा बरसात है तो कहीं कम। खेतों में कहीं-कहीं थोड़ा पानी खड़ा दिख रहा है। अभी खेतों में गेहूं की बिजाई करने से पहले पलेव किए जा रहे हैं। नगीना के उप तहसीलदार पवन कुमार बत्रा ने कहा कि गांवों में अच्छी बरसात हुई है। इससे किसानों को गेहूं की बिजाई करने में आसानी होगी और सरसों की फसल को पानी लग जाएगा।