राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता के फाइनल राउंड में विजेताओं का ऐलान
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लॉ, जस्टिस एंड गवर्नेंस में दो दिवसीय राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता के दूसरे दिन फाइनल राउंड हुआ। बेस्ट मेमोरियल का पुरस्कार पूर्वा मेहता, अदिति गहलोत और मुस्कान मीना (डॉ. बीआर आंबेडकर नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, सोनीपत) को दिया गया। बेस्ट स्पीकर का पुरस्कार स्नेह बशिष्ठ को मिला।
रनर अप टीम में अंजली, राहुल वर्मा, वीक्षा चौधरी और तन्वी बंसल (आर्मी इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ, मोहाली) रहे। विजेता टीम में दौलत कौर सांधु, मानवी लोंगिया और अभिषेक नागपाल (यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज, पंजाब यूनिवर्सिटी) शामिल रहे।
इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश विनय कुमार माथुर ने कहा कि ड्राफ्टिंग और बहस में दक्षता के लिए समाज के बदलते स्वरूप से जुड़े रहना जरूरी है। उनके अनुसार विधि विशेषज्ञ को इतिहास, समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र और अन्य विषयों का भी ज्ञान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में जीत या हार से अधिक महत्व भागीदारी का है।
न्यायालय ओपी शुक्ला ने कहा कि कानून के क्षेत्र में विभिन्न गुणों की आवश्यकता होती है और इसमें राष्ट्र सेवा की भावना सर्वोपरि होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि ऐसे मंच कानूनी कौशल के साथ युवा प्रतिभागियों में आत्मविश्वास और सार्वजनिक बोलने की क्षमता को भी बढ़ाते हैं।
कार्यक्रम में न्यायाधीश हरी शंकर, कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह, स्कूल के अधिष्ठाता डॉ. केके द्विवेदी और विभागाध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार तिवारी सहित अन्य उपस्थित रहे।