नोएडा। कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस ने मदद के नाम पर डेबिट कार्ड बदलकर पैसे निकलाने वाले गिरोह का खुलासा किया है। गिरोह के चार आरोपियों गाजियाबाद निवासी रंजीत साहनी, जितेंद्र साहनी, सेक्टर-127 निवासी प्रकाश चौहान और विजय नगर निवासी अरुण सिंह को गिरफ्तार कर उनके पास से विभिन्न बैंकों के 70 एटीएम कार्ड, ऑटो समेत अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
सोमवार को इन चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां इन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। चारों अनपढ़ हैं। उन्होंने यू-ट्यूब पर वीडियो देखकर वारदात करने का तरीका सीखा था। चारों गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करने के लिए वारदात करते थे।
नोएडा जोन के डीसीपी राजेश एस ने बताया कि बुधवार को कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस की टीम ने सेक्टर-22 के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। चारों दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद के एटीएम में घुसकर वहां लोगों की मदद के नाम पर उनसे एटीएम कार्ड बदल लेते थे। इसके बाद उनका पिन नंबर देखकर उनके एटीएम कार्ड से पैसे निकाल लेते थे। इस फर्जीवाड़े के पैसे से आरोपी अपनी गर्लफ्रेंड के महंगे शौक पूरे करते थे। आरोपियों ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार में भी इस तरह के वारदात किए हैं। चारों डेढ़ साल से ठगी कर रहे थे और पहली बार पुलिस के हत्थे चढे़ हैं।
चारों दोस्त हैं और ऑटो से साथ चलते थे
एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि चारों ने यू-ट्यूब पर वीडियो देखकर इस तरह के ठगी करना सीखा था। रंजीत और जितेंद्र सबसे पहले अपने गृह राज्य बिहार में इस तरह का कार्ड बदलकर वारदात की। बाद में दोनों दिल्ली आ गए और चार लोगों का गिरोह बन गया। इसके बाद गाजियाबाद, दिल्ली व नोएडा में इस तरह की घटनाएं करने लगे। चारों ऑटो से साथ साथ चलते थे।
सेल्फी के चक्कर में पकड़े गए आरोपी
गिरफ्तार रंजीत साहनी और प्रकाश चौहान वेलेंटाइन डे पर अपनी गर्लफ्रेंड को मोबाइल गिफ्ट देना चाहते थे। आरोपियों ने 12 फरवरी सेक्टर-11 स्थित एक एटीएम बूथ में जाकर सुरेंद्र सिंह रावत की मदद करने के बहाने उनका डेबिट कार्ड बदल दिया। आरोपियों ने उनके कार्ड से 20 हजार रुपये निकाल लिए। रावत ने इसकी शिकायत पुलिस से की। कोतवाली सेक्टर-24 के प्रभारी निरीक्षक प्रभात दीक्षित इस मामले की जांच में जुट गए।
तभी सूचना मिली इसी कार्ड से खोड़ा के एक मोबाइल दुकान से 36 हजार के दो मोबाइल खरीदे गए हैं। मोबाइल खरीदने के दौरान आरोपियों ने दुकानदार के मोबाइल से एक सेल्फी ली थी। जब पुलिस जांच के लिए उस मोबाइल दुकान में पहुंची तो सीसीटीवी फुटेज व सेल्फी में लिए गए आरोपियों की तस्वीरें मिलान हो गई। इसके बाद पुलिस उन तक पहुंच गई।
एटीएम पर पैसा निकालने से पहले बरतें सावधानी
1- एटीएम मे तभी प्रवेश करें जब वहां कोई अन्य व्यक्ति वहां मौजूद नहीं हो।
2- अपना एटीएम पिन कोड किसी के साथ शेयर नहीं करें।
3- एटीएम मशीन से पैसा निकालने के बाद कैंसिल अवश्य करें।
4- जिन एटीएम पर गार्ड नहीं हो उससे पैसा निकालने से बचें।
5- एटीएम मशीन को देख लें कि कोई अन्य डिवाइस न लगी हो।