- नानकेश्वर महादेव मंदिर पर लगे मेले में इनामी दंगल का आगाज
संवाद न्यूज एजेंसी
रबूपुरा। भाईपुर गांव के पास स्थित शिव मंदिर नानकेश्वर महादेव पर महाशिवरात्रि मेले में दो दिवसीय इनामी दंगल की शुरुआत हो गई। बृहस्पतिवार को एसीपी जेवर सार्थक सेंगर व कोतवाली प्रभारी श्याम बाबू शुक्ला ने फीता काटकर दंगल का शुभारंभ किया। पहले दिन हुए मुकाबले में संजय अखाड़ा के पहलवान लक्ष्मण ने नोएडा के ब्रदी पहलवान को हरा दिया।
दंगल में एनसीआर के पहलवानों ने जोर आजमाइश कर रहे हैं। दंगल को देखने के लिए आसपास के गांव के भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। सबसे रोचक मुकाबला संजय अखाड़ा पलवल के लक्ष्मण पहलवान और बद्री पहलवान नोएडा के बीच हुआ। मुकाबले में दोनों पहलवान एक दूसरे को पटखनी देने की कोशिश करते रहे। अंत में लक्ष्मण पहलवान विजयी रहे। वहीं बृहस्पतिवार शाम हुए मुकाबले में पलवल के गोविंद पहलवान ने सिकंदराबाद के अनूप पहलवान के हरा दिया। सरफाबाद के विक्रम पहलवान को हरियाणा के नरेंद्र पहलवान ने हरा दिया। हरियाणा के प्रिंस पहलवान ने दीपक पहलवान जमालपुर को मात दी।विवेक पहलवान रौनीजा ने गोविंद पहलवान मथुरा को हरा दिया। रेफरी की भूमिका में गजराज सिंह जग्गी पहलवान व जसवंत शर्मा मौजूद रहे। विजय पहलवानों को मेला कमेटी के अध्यक्ष राजेश सिंह मुकेश शर्मा चमन सिंह, अशोक गौड़ सुंदर पाल सिंह आदि ने पुरस्कृत किया।