- रजिस्ट्री विभाग ने वापस लिया ई-रजिस्ट्री व्यवस्था का फैसला, अभी एक और मांग पर अड़े हैं वकील
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। रजिस्ट्री विभाग में बीते 20 दिनों तक एक भी रजिस्ट्री नहीं हुई है। इस बीच नोएडा बार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल की लखनऊ में आईजी से हुई मुलाकात सफल रही। विभाग ने अपना 4 जून का फैसला वापस ले लिया, अब पहले की तरह हर प्रकार की रजिस्ट्रियां विभाग में ही होंगी। माना जा रहा है कि वकील मंगलवार को हड़ताल समाप्त कर सकते हैं।
10 जून से वकीलों ने दोपहर को आपातकालीन बैठक बुलाकर 4 जून को ई-रजिस्ट्री की व्यवस्था के जरिए होने वाले निजीकरण के विरोध में हड़ताल शुरू कर दी थी। इस बीच लगातार वकील अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे। सोमवार को लखनऊ स्थित रजिस्ट्री मुख्यालय में नोएडा बार एसोसिएशन के प्रतिनिधि मंडल समेत आस पास के अन्य जिलों के वकीलों की आईजी नेहा शर्मा के साथ बैठक हुई। दोपहर को शुरू हुई बैठक देर शाम तक चली। इसके बाद विभाग ने अपने 4 जून के फैसले को तत्काल प्रभाव से वापस लेने का निर्णय लिया। नोएडा बार एसोसिएशन अध्यक्ष प्रवीण डेढ़ा ने बताया कि अभी एक और मांग पर आश्वासन मिलना बाकी है। रजिस्ट्री के लिए इंतजार कर रहे लोगों को आज और इंतजार करना पड़ेगा।
हर माह होती हैं चार हजार से ज्यादा रजिस्ट्री
माह रजिस्ट्री
मार्च 4, 558
अप्रैल 4,336
मई 4,602
कोट
विभाग की ओर से जारी निर्देश के तहत 4 जून को जारी पत्र को तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया गया है। - अरुण कुमार शर्मा, एआईजी प्रथम, गौतमबुद्ध नगर
आखिरकार विभाग ने अपना फैसला वापस लिया, एक मांग का आश्वासन आज मिलेगा। उसके बाद कल से काम काज शुरू करेंगे। प्रवीण डेढ़ा, अध्यक्ष, नोएडा बार एसोसिएशन