ग्रेटर नोएडा (राजेश भाटी)। चिटहेरा में जमीन घोटाला उजागर होने के बाद भी भूमाफिया प्लॉटिंग करने में जुटे हैं। जेसीबी से जमीन को समतल किया जा रहा है। इसके बावजूद जिला प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। दादरी तहसील के चिटहेरा गांव में अनुसूचित जाति के लोगों को सरकार से मिली पट्टे की जमीन के दस्तावेज में हेरफेर कर भूमि दूसरे के नाम दर्ज कराने के मामला उजागर हुआ है।
मामले में एडीएम और एसटीएफ जांच कर रही है। गांव में इस तरह की सैकड़ों बीघे जमीन में हेरफेर हुआ है। भूमाफिया ने अपने या परिचितों के नाम जमीन दर्ज कराई है। घोटाले के उजागर और प्रशासन के सतर्क होने के बाद भी भूमाफिया प्लॉटिंग करने में जुटे हैं। अवैध रूप से प्लॉट काटकर जमीन को ठिकाने लगाने की तैयारियां चल रही है। कुछ जगह मिट्टी का भराव किया जा रहा है। अधिकांश जगह जमीन समतल की जा चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि घोटाले से संबंधी जमीन को माफिया खरीदने के बाद अब प्लॉट काटने की तैयारी में हैं। नक्शे तैयार कर काटे गए प्लॉटों को बेचा जा रहा है। आरोप है कि प्लॉटों के सौदे नक्शे पर ही किए जा रहे हैं। इस तरह से लोगों की जमा पूंजी फंसाने की साजिश चल रही है। प्लॉट बेचने के लिए होर्डिंग या बैनर नहीं लगाए गए हैं। सूत्रों का कहना है कि इसकी भनक अधिकारियों को है, लेकिन भूमाफिया की ऊंची पहुंच के कारण कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
चिटहेरा गांव में प्लॉटिंग की सूचना नहीं है। यदि ऐसा है तो इसकी जांच कर संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी। - आलोक गुप्ता, उपजिलाधिकारी दादरी