ला रेजिडेंसिया और अजनारा होम्स के तीन फ्लैटों से लाखों की चोरी
ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली क्षेत्र स्थित ला रेजिडेंसिया और अजनारा होम्स सोसायटी के तीन फ्लैटों से लाखों की नकदी और सामान चोरी का मामला सामने आया है। तीनों मामले में वारदात के वक्त फ्लैट में कोई नहीं था। पड़ोसियों ने फ्लैट का ताला टूटने की जानकारी पीड़ित और पुलिस को दी। वहीं एक फ्लैट में चोरी का प्रयास किया गया। दरवाजा नहीं टूटने पर चोर छेनी छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित ला रेजिडेंसिया सोसायटी में संजीव गुप्ता सपरिवार रहते हैं। मंगलवार रात जब वह ड्यूटी से वापस लौटे तो पड़ोसियों ने फ्लैट का ताला टूटे होने की जानकारी दी। संजीव ने फ्लैट से ढाई लाख रुपये के आभूषण व एक लाख की नकदी चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वहीं ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित अजनारा होम्स सोसायटी में मंगलवार दिन में ही दो फ्लैटों का ताला तोड़ सामान ले गए। सोसायटी के एल टावर के फ्लैट संख्या 1105 में मितेश तिवारी रहते हैं। मंगलवार दोपहर चोरों ने करीब चार लाख की नकदी और आभूषण चोरी कर ली। वहीं बी वन टावर के फ्लैट संख्या 1107 में सचिन अग्रवाल के फ्लैट से दो लाख रुपये का सामान, नकदी और आभूषण चोरी कर ले गए। वारदात के वक्त मितेश और सचिन घर से बाहर थे। वहीं इसी सोसायटी के एल टावर के फ्लैट नंबर 5 में फ्लैट का ताला तोड़ने में असफल रहने मौके पर छेनी छोड़ पर फरार हो गए। चोरों ने लोहे का गेट तोड़ दिया लेकिन दूसरा गेट तोड़ने में असफल रहे। बिसरख कोतवाली प्रभारी मनोज पाठक ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
पीड़ितों की अर्थिक मदद करे बिल्डर
वारदात से नाराज सोसाइटी वासियों ने बुधवार को एकजुट होकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बिल्डर से पीड़ितों की आर्थिक मदद करने की मांग की है। सोसायटी वासियों का कहना है कि बिल्डर मेंटेनेंस शुल्क वसूल रहे हैं। सोसायटी में सुरक्षा की जिम्मेदारी भी बिल्डर पर है।
कहीं गिरोह तो नहीं कर रहा काम
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फिलहाल यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं एक ही गिरोह ने ही तो चोरी की सभी वारदात को अंजाम नहीं दिया।