संवाद कार्यक्रम में बोले व्यापारी- जरूरी सुविधाओं की कमी से ऑनलाइन की ओर आकर्षित हो रहे ग्राहक
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर के गेझा गांव में पार्किंग, साफ सफाई जैसी जरूरी सुविधाओं के अभाव के कारण अब ग्राहक ऑनलाइन खरीदारी में ज्यादा रुचि दिखा रहे हैं। इस वजह से बाजार में ग्राहकों की काफी कमी देखी जा रही है। प्रशासन से कई बार शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं हो रहा है। यह बात व्यापारियों ने रोष जताते हुए अमर उजाला संवाद के दौरान कही।
शहर के सेक्टर-93 गेझा मार्केट के व्यापारियों संग बृहस्पतिवार को अमर उजाला संवाद का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए। उन्होंने बताया कि मार्केट में पार्किंग और साफ-सफाई की सुविधा नहीं हैं। जगह-जगह गंदगी फैली हुई है। लोग कहीं भी वाहन खड़े कर देते हैं। इस कारण आने वाले ग्राहकों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है। वहीं, दूसरी और ऑनलाइन में घर बैठे लोग बिना समय बर्बाद करे ख्ररीदारी कर लेते हैं। इन सब कारणों से मार्केट में ग्राहकों की संख्या में काफी कमी देखी जा ही है।
मार्केट में कोई पार्किंग स्थल न होने के कारण अपने निजी वाहनों से आने वाले ग्राहकों और दुकानदारों के लिए वाहन पार्क करने का कोई स्थान नही रह जाता है। दुकानों के आगे अवैध रूप से रेहड़ी पटरी वालों के जमा रहने के कारण वहां भी स्थान नही बचता। वहीं, अनियमित साफ सफाई के कारण अक्सर गंदगी का अंबार लगा रहता है, इससे आने वाले ग्राहक बाजार आने से परहेज करते हुए दिखते हैं। ग्राहकों की कमी से सीधा असर व्यापार पर पड़ता है। ऐसे में प्रशासन से मांग की है कि जल्द मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंग ताकि ग्राहक बढ़ें और उन्हें कोई परेशानी न हो।
-
पार्किंग स्थल न होने के कारण कई वाहनों के पार्क करने की समस्या बनी रहती है। ग्राहकों को जगह नहीं मिलती वाहन पार्क करने की। -मनवीर सिंह
-
नियमित रूप से साफ-सफाई न होने के कारण अक्सर गंदगी का अंबार लगा रहता है। ग्राहकों के कपड़े खराब हो जाते हैं। -विष्णु राजवंशी
-
मार्केट में लगने वाले रेहड़ी पटरी वालों की जगह अलग स्थान पर सुनिश्चित हो, ताकि गंदनी न फैले। -साहिल खान
जरूरी सुविधाएं न होने के कारण ग्राहक कम हो रहे हैं, कम से कम पार्किंग जरूर बननी चाहिए। -सुमित पाल
नालियों का ड्रेनेज सिस्टम खराब होने के कारण जलभराव की समस्या बनी रहती है। -विमल शर्मा
-
वेंडर जोन बनना चाहिए, ताकि सड़कें साफ सुथरी रहें और बेहतर लाइटिंग व्यवस्था होनी चाहिए। -शंकर सिंह