सांसद ने लगाया आरोप- तीस साल से केजरीवाल शुगर के मरीज, जान से मरने की साजिश
राष्ट्रपति और चुनाव आयोग से शिकायत कर जिम्मेदार अधिकारियों के निलंबन की मांग करेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
मुख्यमंत्री केजरीवाल के जेल में जाने के बाद सियासी लड़ाई तेज हो गई है। पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने ईडी और जेल प्रशासन पर केजरीवाल के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। संजय सिंह ने दावा किया कि जेल में केजरीवाल को इंसुलिन नहीं दी जा रही है। साथ ही, डाइट चार्ट को लेकर ईडी झूठ बोल रही है, जबकि जेल नियमों के अनुसार, किसी कैदी के स्वास्थ्य व खानपान की जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा सकती। तीस साल से केजरीवाल शुगर के मरीज हैं। उन्हें जान से मरने की साजिश रची जा रही है।
संजय सिंह ने कहा कि केजरीवाल के साथ किसी भी तरह का हादसा हो सकता है। पार्टी राष्ट्रपति और चुनाव आयोग से इसकी शिकायत कर जिम्मेदार अधिकारियों के निलंबन की मांग करेगी। आप नेता को बदनाम करने व स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने की साजिश में शामिल जेल प्रशासन, एलजी ऑफिस और ईडी के अधिकारियों के निलंबन की मांग की जाएगी। ईडी ने बृहस्पतिवार को किस आधार पर केजरीवाल के डाइट चार्ट को प्रचारित किया। बड़े-बड़े अपराधी का इलाज एम्स जैसे बड़े अस्पतालों में होता है, लेकिन केजरीवाल को जेल प्रशासन इंसुलिन मुहैया नहीं करा रहा है। जेल प्रशासन अपनी मर्जी से ऐसा नहीं कर सकता। 12 अप्रैल को केजरीवाल की शुगर 320 थी। इसी तरह, 13 अप्रैल को 270, अप्रैल को 300, 15 अप्रैल को 300, 16 अप्रैल को 250 और 17 अप्रैल को 280 थी। शुगर की हमेशा मॉनिटरिंग के लिए कोर्ट से अनुमति है। केजरीवाल किसी भी समय अपनी शुगर जांच कर सकते हैं।