देवेंद्र यादव ने कहा - बुलडोजर कार्रवाई पर आम व भाजपा बराबर के दोषी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने झुग्गी-झोपड़ियों पर चल रही बुलडोजर कार्रवाई के लिए भाजपा ही नहीं, बल्कि आम आदमी पार्टी को भी बराबर का दोषी करार दिया है। रविवार को उन्होंने कहा कि प्रदर्शन से पहले अरविंद केजरीवाल को प्रायश्चित करना चाहिए, क्योंकि झुग्गीवासियों की तकलीफ में आप ने भी भाजपा की तरह ही भूमिका निभाई है।
देवेंद्र यादव ने कहा कि आठ अप्रैल 2021 को खुद मुख्यमंत्री के तौर पर केजरीवाल ने मोदी सरकार की झुग्गी हटाओ योजना को मंजूरी दी थी और 15 सितंबर 2021 को उनके मंत्री सत्येंद्र जैन ने जहां झुग्गी, वहीं मकान योजना को बंद करने की घोषणा की थी। केजरीवाल ने वोट लेकर शीशमहल बनवाया और झुग्गीवासियों से नाता तोड़ लिया। तीन बार मुख्यमंत्री बनने के बावजूद वे एक बार भी किसी टूटती झुग्गी को बचाने नहीं पहुंचे। कांग्रेस शासन में बनी 45,857 फ्लैटों वाली राजीव रत्न आवास योजना को सिर्फ राजनीतिक नफरत के कारण केजरीवाल सरकार ने खंडहर में बदल दिया। कोर्ट में हलफनामा देकर आप सरकार ने झुग्गी टूटने पर मकान नहीं देने की बात कही थी। विधानसभा में हर मुद्दे पर प्रस्ताव लाने वाली आप सरकार झुग्गी संरक्षण के लिए कोई प्रस्ताव क्यों नहीं लाई। अब केजरीवाल के घड़ियाली आंसुओं से झुग्गीवासियों का भला नहीं होगा। उन्हें ईमानदारी से जवाब देना होगा या यह स्वीकार करना होगा कि वह भी भाजपा की तरह झुग्गी उजाड़ने की साजिश में शामिल है।