रोहतक। सुखपुरा चौक स्थित कर्मचारी भवन में वीरवार को सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा का जिलास्तरीय सम्मेलन हुआ। लगातार चौथी बार सर्वसम्मति से कर्मवीर सिवाच को प्रधान पद पर चुना गया।
सचिव पद पर दूसरी बार मनजीत पांचाल जबकि कोषाध्यक्ष जोगिंदर दलाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप जांगड़ा, उप प्रधान राजेश बागड़ी और नरेश सिवाच, सह सचिव जोगिंदर राठी व पवन पटवारी को चुना गया। सुखपुरा चौक स्थित कर्मचारी भवन में राज्य प्रधान धर्मवीर फौगाट ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारी विरोधी नीतियां लेकर आ रही है। शिक्षित युवक बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं।
सार्वजनिक उपक्रमों को निजी हाथों में सौंपा जा रहा है। महंगाई दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। सरकार को कर्मचारी, मजदूर, किसान, छात्र व आम जनता की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। ऐसा नहीं होने पर आने वाले सरकार को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
सम्मेलन में जिला सचिव और जिला कोषाध्यक्ष ने तीन वर्षों की रिपोर्ट पेश की। इसको हाउस ने पास किया। इस मौके पर बिजली, सिंचाई, हुड्डा, रोडवेज, नगर निगम, पब्लिक हेल्थ, पीडब्ल्यूडी, एमपीएचडब्ल्यू, पटवार, टूरिज्म विभाग, हेमशा, पशुपालन, चतुर्थ श्रेणी और रिटायर्ड कर्मचारी मौजूद रहे।