-लाल किला के सामने 15 अगस्त पार्क में 28 अगस्त से चल रहा है कार्यक्रम
-लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला के आगमन के दौरान हुई हलचल का उठाया फायदा
-सिविल लाइंस के कारोबारी सोने, हीरे और रत्न जड़ा कलश लेकर पहुंचे थे अनुष्ठान में
-
-कार्यक्रम में शामिल होने के बहाने धोती और अंग वस्त्र पहनकर आया था आरोपी
-पीड़ित ने कोतवाली थाने में ई-एफआईआर दर्ज कराई, सीसीटीवी कैद हुआ आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। लाल किले के ठीक सामने 15 अगस्त पार्क में चल रहे जैन समाज के धार्मिक अनुष्ठान से एक करोड़ से अधिक कीमत के सोने, हीरे एवं रत्न जड़ा कलश चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। श्रद्धालु बनकर आए चोर ने बहुत ही शातिर तरीके से वारदात अंजाम दिया। दरअसल मंगलवार लोक सभा अध्यक्ष ओम बिड़ला अनुष्ठान में शिरकत यहां पहुंचे थे। उनके आने पर हुई हलचल का फायदा उठाकर आरोपी ने कलश उड़ा लिया। इसका पता चलते ही अफरा-तफरी मच गई। सूचना पुलिस को दी गई। बाद में सिविल लाइंस निवासी कारोबारी सुधीर जैन की शिकायत पर कोतवाली थाने में ई-एफआईआर कराई गई।
लाल किले के ठीक सामने 15 अगस्त पार्क में 28 अगस्त से जैन समाज का अनुष्ठान चल रहा है। कार्यक्रम 9 सितंबर तक चलेगा। इसके लिए विशेष मंच तैयार किया गया है। अनुष्ठान में धोती पहनना और अंगवस्त्र पहनना अनिवार्य है। इन वस्त्रों को धारण करने के बाद ही अनुष्ठान में आया जा सकता है। पूजा के लिए सिविल लाइंस के कारोबारी सुधीर जैन अपना कीमती कलश रोजाना अनुष्ठान में लेकर पहुंचते हैं। इसको मंच पर रख दिया जाता है। इसके आसपास श्रद्धालु व खुद सुधीर मौजूद रहते हैं। कलश में 760 ग्राम सोना, 150 ग्राम हीरे, माणिक्य और पन्ना जैसे कीमती रत्न लगे हुए हैं। पुलिस की टीम आरोपी की तलाश कर रही है। जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया का कहना है कि कई टीम अलग-अलग दिशा में भेजी गई हैं। जल्द ही उसे दबोच लिया जाएगा।
लोकसभा अध्यक्ष के आने पर वारदात
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला मंगलवार को अनुष्ठान में शामिल होने पहुंचे। इस बीच कार्यक्रम के आयोजक और अन्य लोग उनके स्वागत में व्यस्त हो गए। कार्यक्रम के दौरान बिड़ला जब वहां से गए तो कलश गायब हो गया।
कई दिन से चोरी की फिराक में था आरोपी...
वारदात के बाद पुलिस ने अनुष्ठान की सीसीटीवी फुटेज चेक की तो पता चला कि आरोपी धोती व अंग वस्त्र पहनकर कई दिनों से वहां पहुंच रहा था। वह अनुष्ठान में लगे लोगों के साथ घुलमिल गया। इसका फायदा उठाकर आरोपी बड़े आराम से मंच तक पहुंचा और वारदात को अंजाम दिया।