-कुलगुरु ने शिकायत निवारण प्रकोष्ठ का किया गठन, नवंबर में हो सकते हैं चुनाव
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्र संघ चुनाव 2025-26 को लेकर घोषणा हो गई है। साथ ही शिकायत निवारण प्रकोष्ठ (जीआरसी)/उप समिति का गठन भी कर दिया गया है। इस संबंध में जेएनयू डीन छात्र कार्यालय ने अधिसूचना जारी की है।
इसके अनुसार, जीआरसी चुनाव संबंधी शिकायतों के निवारण की दिशा में काम करेगी। इसका अध्यक्ष डीन ऑफ स्टूडेंट्स प्रो. मनुराधा चौधरी को बनाया गया है। इस प्रकोष्ठ में अध्यक्ष सहित 13 सदस्य होंगे। प्रकोष्ठ में दो छात्र प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है। कुलगुरु शांतिश्री डी पंडित के निर्देश पर तत्काल प्रभाव से जीआरसी का गठन किया गया। प्रकोष्ठ चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन और चुनाव संबंधी व्यय संबंधी शिकायतों की निगरानी करेगा।
-
नवंबर में हो सकते हैं चुनाव
बता दें कि जेएनयू में पीएचडी सत्र के शुरू होने के छह से आठ हफ्ते के अंदर छात्र संघ चुनाव के आयोजन का प्रावधान है। जेएनयू में पीएचडी का नया सत्र 12 सितंबर से शुरू हो चुका है। ऐसे में नवंबर महीने के पहले हफ्ते में चुनाव हो सकते है। चुनाव के संबंध में जेएनयू छात्र संघ की सचिव को डीन छात्र कार्यालय की ओर से पत्र लिखा जा चुका है।
सोमवार को काउंसिल की बैठक
इसमें यूनिवर्सिटी जनरल बॉडी मीटिंग का आयोजन करने और जल्द से जल्द चुनाव समिति संयोजक का नाम भेजने के निर्देश दिए गए है। साथ ही चुनाव को निष्पक्ष और व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित करने में सहयोग का अनुरोध किया गया है। चुनाव समिति चुनाव के आयोजन को लेकर रूपरेखा तय करेगी। वहीं जेएनयू छात्र संघ ने भी चुनाव के आयोजन को लेकर पहल शुरू कर दी है। जेएनयू छात्र संघ की ओर से सोमवार को काउंसिल की बैठक बुलाई गई है। इसका मुख्य एजेंडा स्कूल जीबीएम और जेएनयू छात्र संघ चुनाव है।
-
पिछले चुनाव का ब्यौरा
इस वर्ष अप्रैल महीने में जेएनयू छात्र संघ चुनाव में आइसा व डीएसएफ के गठबंधन को शीर्ष तीन पदों पर जीत मिली थी। इसमें अध्यक्ष के पद पर नीतीश कुमार, उपाध्यक्ष के पद पर मनीषा और सचिव के पद पर मुंतेहा फातिमा ने जीत दर्ज की थी। जबकि एबीवीपी से संयुक्त सचिव के पद पर वैभव मीणा की जीत हुई थी। एबीवीपी को वर्ष 2015 के बाद छात्र संघ में कोई पद मिला था।
देरी से हुआ था चुनाव
जेएनयू छात्र संघ के एक पदाधिकारी ने नाम न प्रकाशित करने पर बताया कि इस बार चुनाव का आयोजन समय पर हो रहा है। पिछली बार चुनाव देरी से हुए थे। इस कारण एक वर्ष में दो बार जेएनयू छात्र संघ चुनाव देखने को मिल रहे है। अमूमन 10-11 महीने का छात्र संघ का कार्यकाल होता है। मगर, इस बार जेएनयू छात्र संघ 2024-25 का कार्यकाल शायद सबसे छोटा हो सकता है।
-