बिजनौर। गांव जलालपुर में किसान के यहां नौकरी करने आए झारखंड के एक युवक की बृहस्पतिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के पिता ने किसान पर जहर देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
झारखंड प्रदेश के जनपद छतरा थाना प्रतापपुर क्षेत्र के गांव कुवा निवासी छोटू (22) पुत्र नाबुल गांव जलालपुर में एक किसान के यहां पर नौकरी करने आया था। बृहस्पतिवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। किसान संगम ने उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक युवक के पिता नाबुल ने डायल 112 पर फोन करके सूचना दी कि उसके बेटे को किसी ने जहर दे दिया है। जिसके बाद अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सिटी गौतम राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मामले में जांच की जा रही है।