नूरपुर। पुलिस ने इनकम टैक्स विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर करीब छह युवकों से 88 लाख रुपये की ठगी के मामले में आरोपी कोचिंग सेंटर संचालक भूपेंद्र सिंह उर्फ हंसराज को बृहस्पतिवार की शाम गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में एक दंपती व उनका पुत्र भी नामजद है।
छह जून को दर्ज कराई गई रिपोर्ट में गांव पुरैनी दुर्वेशपुर निवासी आशीष शर्मा ने बताया था कि अप्रैल 2022 को मुरादाबाद मार्ग स्थित मोहल्ला इस्लामनगर निवासी भूदेव सिंह अपनी पत्नी गीता चौहान के साथ नगर में संचालित भूपेंद्र सिंह के कोचिंग सेंटर आए थे। वहां उन्होंने इनकम टैक्स में रिक्त पदों पर निकली भर्ती का विज्ञापन दिखाया। जहां सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे गांव हीमपुर पृथ्या निवासी रजत कुमार, गांव कमाला निवासी राहुल गुर्जर, बिशनपुरा निवासी अंकित कुमार व गांव पूरनपुर स्याना निवासीगण दिनेश कुमार, अंकित कुमार को खेल कोटे से नौकरी दिलाने की बात कही।
इसके लिए तीन किस्तों में 88 लाख रुपये अभ्यर्थियों से ले लिए गए। उन्हें छह माह के लिए दिल्ली ट्रेनिंग पर भेजा तथा कुछ रुपये भी उनके खातों में ट्रांसफर किए गए। लंबा समय बीत जाने पर भी उनकी ज्वाइनिंग नहीं कराई गई। जब अभ्यर्थियों ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। सीओ ने बताया इसमें शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।