रास्ता बंद करने के लिए लगाए सूचना बोर्ड। संवाद
- फोटो : Grnoida
जेवर। नोएडा एयरपोर्ट के निर्माण कार्य के कारण जेवर-बुलंदशहर राजमार्ग का चार किलोमीटर का हिस्सा सोमवार से बंद हो जाएगा। वाहन चालकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए जेवर व झाझर में दिशासूचक बोर्ड लगाकर वैकल्पिक मार्ग से वाहनों के आवागमन की व्यवस्था की गई है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, एयरपोर्ट की 1339 हेक्टेयर जमीन पर लगभग 18 किमी तक चहारदीवारी का निर्माण हो रहा है। चहारदीवारी जेवर-बुलंदशहर मार्ग को दो जगह किशोरपुर व कुरैब के समीप क्रास करेगी। चहारदीवारी को पूरा करने व पेड़ों को काटने का काम शुरू कर दिया गया है। इस कारण मार्ग बंद किया जा रहा है।
ऐसे पहुंच सकेंगे गंतव्य तक
जेवर-बुलंदशहर मार्ग पर आम लोगों के अलावा बड़ी संख्या में भारी वाहन गुजरते हैं। ऐसे में इन वाहनों को जेवर की तरफ से बुलंदशहर जाने के लिए मुख्य चौराहे से खुर्जा रोड या फिर यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड से खुर्जा रोड का इस्तेमाल करते हुए जहांगीरपुर से झाझर होते हुए बुलंदशहर व सिकंद्राबाद जाना होगा। वहीं, बुलंदशहर से यमुना एक्सप्रेसवे या जेवर की तरफ जाने वाले वाहन चालक भी झाझर से जहांगीरपुर पहुंचते हुए जेवर खुर्जा मार्ग से गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
जेवर के ये गांव होंगे अधिक प्रभावित
मार्ग को बंद करने के बाद भारी वाहनों को जेवर की तरफ से साबौता कट और बुलंदशहर की तरफ से झाझर में रोक दिया जाएगा। जेवर-बुलंदशहर राजमार्ग के बंद होने से कलुपुरा, जौनचाना, आकलपुर, बीरमपुर, मुढरह, नगला शाहपुर, रन्हेरा, कुरैब, नगला हांडा आदि गांवों का जेवर से सीधा संपर्क टूट जाएगा। इन गांव में रहने वाले लोग दूसरे गांवों के रास्ते जेवर, खुर्जा या फिर रबूपुरा मार्ग के रास्ते ही जेवर पहुंच सकेंगे।