जेवर। नोएडा एयरपोर्ट के निर्माण के लिए जेवर-बुलंदशहर राजमार्ग का चार किलोमीटर का हिस्सा मंगलवार दोपहर को पिलर-दीवार लगाकर बंद कर दिया गया। हालांकि, इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों वाहनों के लिए प्राधिकरण ने अभी तक कोई वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था नहीं की है। फिलहाल, ट्रैफिक पुलिस की ओर से जेवर की तरफ से यमुना एक्सप्रेसवे व बुलंदशहर की तरफ से झाझर से वाहनों को जहांगीरपुर और रबूपुरा के रास्ते डायवर्ट किया जा रहा है। वहीं, राजमार्ग के बंद होने से जेवर के दस गांवों का तहसील मुख्यालय से सीधा संपर्क खत्म हो गया है।
एयरपोर्ट के लिए अधिगृहीत 1351 हेक्टेयर जमीन पर लगभग 18 किलोमीटर की चहारदीवारी के निर्माण का कार्य चल रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नियाल) जल्द ही एयरपोर्ट के पहले रनवे पर काम शुरू करेगी। इससे पहले जमीन के समतलीकरण, पेड़ों की कटाई व रनवे के बीच से निकलने वाले जेवर-बुलंदशहर राजमार्ग को हटाने का काम किया जा रहा है। मंगलवार को एयरपोर्ट की चहारदीवारी निर्माता कंपनी ने जेवर-बुलंदशहर राजमार्ग पर रन्हेरा गांव के समीप दीवार व पिलर खड़े करते हुए इस मार्ग को आवागमन के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया।
10 गांव से टूटा सीधा संपर्क
राजमार्ग बंद होने से नगला हांडा, कुरैब, रन्हेरा, नगला शाहपुर, मुढरह, बीरमपुर,अकलपुर, कालूपुरा आदि गांवों का जेवर तहसील मुख्यालय से सीधा संपर्क खत्म हो गया है। वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था नहीं होने से गांव के लोगों को खुर्जा-जहांगीरपुर-जेवर मार्ग या फिर रबूपुरा-जेवर मार्ग पहुंचकर जेवर तहसील मुख्यालय पहुंचा जाना होगा।
इन रास्तों का हो सकता है इस्तेमाल
पलवल व जेवर की तरफ से आने वाले वाहन यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड से जेवर-खुर्जा मार्ग के रास्ते जहांगीरपुर झाझर या खुर्जा होते हुए बुलंदशहर पहुंच सकते हैं। वहीं, बुलंदशहर से आने वाले वाहन खुर्जा के रास्ते जेवर पहुंच सकते हैं, लेकिन झाझर तक पहुंचने वाले वाहन रबूपुरा या जहांगीरपुर के रास्ते जेवर की तरफ से जा सकते हैं।
एयरपोर्ट के बीच से गुजरने वाले संपर्क मार्ग भी बंद
एयरपोर्ट की अधिगृहीत 1351 हेक्टेयर जमीन से एक से दूसरे गांव और मुख्य सड़कों को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग व चक मार्ग को भी बंद कर दिया गया है। इसमें बनवारी वास मार्ग रोही से जेवर खुर्जा मार्ग, कुरैब संपर्क मार्ग, नगला हांडा संपर्क मार्ग, दयानतपुर से नगला छीतर नगला शरीफ होते हुए नगला फूल खां तक जाने वाले मार्ग के अलावा चक मार्गों को भी बंद कर दिया गया है।