चांदा। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूनी भीमपट्टी गांव के पास सोमवार देर रात बरात से लौट रही जीप वनरोज से टकराने के बाद डिवाइडर से भिड़कर पलट गई। दुर्घटना में जीप पर सवार ठेकेदार दिनेश सिंह (52) निवासी उसराएं इटाये, नेवढ़िया, जौनपुर की मौत हो गई।
साथ में जीप में सवार अशोक यादव (40) निवासी सिरकोनी, जलालपुर जौनपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्रतापपुर कमैचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया।
जीप में सवार पारसनाथ यादव (41) निवासी मई, बक्सा, जौनपुर व चालक इंद्रजीत यादव (46) निवासी इटाये, नेवढ़िया, जौनपुर ने बताया कि दिनेश सिंह मुंबई में एक कंपनी में ठेकेदारी करते थे। दिनेश दो दिन पहले इंजीनियर शिवम सिंह की शादी में शामिल होने के लिए मुंबई से अयोध्या पहुंचे थे। बाकी लोग जौनपुर से जीप से जौनपुर से सोमवार शाम अयोध्या बरात में शामिल होने के लिए गए थे। जीप से सभी लोग देर रात घर वापस आने के लिए अयोध्या से निकले थे। रास्ते में पूनी भीम पट्टी गांव के पास अचानक से जीप के सामने वनरोज आने से जीप बेकाबू हो गई। डिवाइडर से टकराकर जीप पलट गई। दिनेश जीप की अगली सीट पर सवार थे।
दुर्घटना में दिनेश और अशोक को गंभीर चोट लगी। दोनों को सीएचसी पीपी कमैचा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दिनेश को मृत घोषित कर दिया। चांदा थाने के प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दुर्घटनाग्रस्त जीप को सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया है।
इनसेट-
बेकाबू कार की चपेट में आने से टेंट व्यवसायी की मौत
अखंडनगर। डहलवा पौधनरामपुर के पास मंगलवार दोपहर करीब एक बजे सड़क पर ई रिक्शा से उतरे टेंट व्यवसायी कमलेश वर्मा (50) निवासी मिसिरपुर जलालपुर को एक अनियंत्रित कार ने पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में कमलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, कार चालक मौके से भाग निकला। ग्रामीणों की मदद से कमलेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सक ने कमलेश को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया।
अखंडनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक संत कुमार ने सीएचसी पहुंचकर परिजनों को शांत करवाया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। कमलेश वर्मा के परिवार में पत्नी गोमती देवी और तीन पुत्र अजय, अमन व अर्पित हैं। परिजनों ने बताया कि कमलेश डहलवा पौधनरामपुर गांव में एक कार्यक्रम में टेंट लगवाने के लिए जा रहे थे। रास्ते में दुर्घटना हो गई।