मुख्यमंत्री ने निर्जला एकादशी पर शालीमार बाग को दी वाटर एटीएम की सौगात
दिल्ली सरकार पूरे शहर में सार्वजनिक स्थानों पर हजारों वाटर एटीएम लगाएगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को निर्जला एकादशी के पवित्र मौके पर शालीमार बाग के बीएल ब्लॉक सरकारी विद्यालय में वाटर एटीएम का उद्घाटन किया। इससे बच्चों और राहगीरों को स्वच्छ व ठंडा पानी मिलेगा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि गर्मी में कोई प्यासा न रहे, यह उनका संकल्प है। जल सेवा भारतीय संस्कृति का गहना है, जहां विदेशों में पानी बिकता है, वहां भारत में राहगीरों को ठंडा पानी पिलाना परंपरा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर दिल्ली में जल सेवा की नई मिसाल कायम की गई है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा, स्थानीय नागरिक और बच्चे शामिल हुए, जिन्हें मुख्यमंत्री ने पानी की बोतलें भी बांटीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार पूरे शहर में स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर हजारों वाटर एटीएम स्थापित कर रही है। ये एटीएम स्कूली बच्चों, रेहड़ी-पटरी वालों और राहगीरों को मुफ्त में स्वच्छ, ठंडा पानी उपलब्ध कराएंगे। लोग जब कहते हैं कि दिल्ली अब सचमुच बदल रही है, तो यही सबसे बड़ी उपलब्धि है। जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने मुख्यमंत्री की इस पहल की सराहना की और जनसेवा का नया उदाहरण बताया।