-3 अक्तूबर तक इन प्रोग्राम में किया जा सकता है आवेदन
-सीईटी समाप्त होने के बाद शुरू की गई है आवेदन प्रक्रिया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) में कॉमन एंट्रेस टेस्ट (सीईटी) की मेरिट से दाखिले समाप्त होने के बाद अब कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेस टेस्ट (सीयूईटी) से भी दाखिले दिए जा रहे हैं। आईपीयू ने तीन प्रोग्राम एलएलबी, बीए लिबरल आर्ट्स व बीएड स्पेशल एजुकेशन में सीयूईटी से दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को शुरु किया है। तीन अक्तूबर तक इन प्रोग्राम में आवेदन किया जा सकता है। इन प्रोग्राम के लिए सीयूईटी से संबद्ध डोमेन विषय की स्वीकार्यता, वैकल्पिक भाषा, सामान्य टेस्ट, ऑनलाइन पंजीकरण के विषय में जानकारी यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई है। एक प्रोग्राम के लिए आवेदन शुल्क 2500 रुपये रखा गया है। इसे ऑनलाइन जमा कराया जा सकता है।
मालूम हो कि यूनिवर्सिटी ने इस शैक्षणिक सत्र के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरु करने के समय यह स्पष्ट कर दिया था कि सीयूईटी स्कोर को दूसरी प्राथमिकता देते हुए इससे भी दाखिले दिए जाएंगे। ऐसे में सीईटी की मेरिट समाप्त होने के बाद इन प्रोग्राम के लिए सीयूईटी स्कोर से दाखिला प्रक्रिया को शुरु किया गया है। जिन छात्र-छात्राओं ने यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित सीईटी या एनएलटी में भाग लिया है वे सीयूईटी स्कोर से इन प्रोग्राम की दाखिला प्रक्रिया में भाग नहीं ले सकते। इन प्रोग्राम में दाखिले के लिए सीयूईटी स्कोर से आवेदन का लिंक https://ipu.admissions.nic.in पर उपलब्ध है। विस्तृत जानकारी यूनिवर्सिटी की दोनों वेबसाइट https://ipu.admissions.nic.in और https://ipu.ac.in पर उपलब्ध है।