-31 मई तक किया जा सकता है इसके लिए आवेदन
-20 जून को जारी होगी मंजूरी पाने वाले छात्रों की सूची
-यह बदलाव बीटेक की किसी एक शाखा में हो सकेगा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विवि (आईपीयू) में शैक्षणिक सत्र 2023-24 में बीटेक कोर्सेज में दाखिला ले चुके और पहले वर्ष को पूरा कर चुके छात्र अब अपने तीसरे सेमेस्टर में अपनी ब्रांच को बदल सकते हैं। विश्वविद्यालय ने ब्रांच बदलने-अपग्रेडेशन करने के इच्छुक छात्रों यह अवसर दिया है। विवि ने ब्रांच बदलने के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक छात्र इसके लिए 31 मई तक आवेदन कर सकते हैं। यह बदलाव मेरिट के आधार पर बीटेक की किसी एक शाखा में ही हो सकेगा। विश्वविद्यालय द्वारा 31 मई के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
विवि की ओर से ब्रांच बदलने को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसमें स्पष्ट किया गया है कि अवसर उन्हीं छात्रों को मिलेगा जिन्होंने बीते साल बीटेक की किसी शाखा (ब्रांच) में दाखिला लिया था और अब वह दूसरे साल यानि तीसरे सेमेस्टर में उस शाखा को बदलने के इच्छुक हैं। ब्रांच बदलने की मंजूरी पाए आवेदनों की सूची को 20 जून तक विवि की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। यह बदलाव उसी कॉलेज या संस्थान में की उसी शिफ्ट में किया जा सकेगा, जहां छात्र पढ़ रहा था। इसको इस तरह से समझा जा सकता है कि कोई छात्र यदि बीटेक आईटी कर रहा है और अब वह बीटेक की किसी अन्य शाखा कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रानिक्स एंड कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग, या मैकेनिकल एंड एरोस्पेस इंजीनियरिंग में बदलाव चाहता है, तो वह कर सकता है।
विवि ने साफ किया है कि इस प्रक्रिया के तहत किसी एक संस्थान-कॉलेज से दूसरे संस्थान व कॉलेज या उसी संस्थान की दूसरी पाली से पहली पाली या पहली से दूसरी पाली में आने की मंजूरी नहीं दी जाएगी। ब्रांच बदलने के इच्छुक छात्र को आईपीयू के स्कूल, इंस्टीट्यूट के डीन, निदेशक के नाम से एक परफाॅर्मा भरकर आवेदन करना होगा। यह बदलाव छात्रों की पहले वर्ष (पहले व दूसरे सेमेस्टर) के प्रदर्शन के आधार पर तैयार मेरिट से होगा। यह तभी संभव हो सकेगा जबकि उस शाखा में सीटें खाली होंगी। जिन छात्रों को ब्रांच बदलने करने की मंजूरी मिलेगी उनकी सूची 20 जून तक वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। इससे पहले समय पर प्राप्त आवेदनों की पूरी सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर 10 जून को प्रदर्शित की जाएगी।