Instructions were given to rectify the flaws, the Superintendent of Police did a surprise inspection of the city and Sadar police station
तावडू। पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने रविवार को शहर व सदर थाने में औचक निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक के अचानक पहुंचने से सभी पुलिसकर्मी और दोनों थानों प्रभारी सतर्क हो गए। इस दौरान उन्होंने थाना प्रभारियों को खामियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
शहर थाने में पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी चंद्रभान भारद्वाज से क्राइम डायरी मंगाकर बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने लंबित मामले में जांच कर तुरंत निपटाने के निर्देश दिए। इसके बाद वह सदर थाना तावडू पहुंचे, जहां थाना प्रभारी रतन सिंह व अन्य पुलिसकर्मी पहले से ही मुस्तैद नजर आए। इस दौरान करीब आधे घंटे तक क्राइम डायरी की जांच कर क्षेत्र में अपराध बारे में फीडबैक लिया। साथ ही उन्होंने तावडू सदर थाना क्षेत्र में अरावली में चल रहे अवैध खनन को लेकर विस्तार पूर्वक चर्चा की। थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि सभी नाकों पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर वहां से गुजरने वाले ओवरलोड व अवैध खनन सामग्री वाले वाहनों पर कड़ी निगरानी रखें। उन्होंने कहा कि अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस कप्तान ने कहा कि जिले में कर्मचारियों की काफी कमी है। इसके बावजूद भी वह सभी थानों में जरूरत के हिसाब से कर्मचारियों की तैनाती करेंगे। सदर थाना तावडू में भी अकेली महिला हेड कांस्टेबल है, जबकि 8 माह पूर्व यहां एक सब इंस्पेक्टर, एक सहायक उपनिरीक्षक व दो हेड कांस्टेबल सहित कुल चार महिला पुलिसकर्मी तैनात थीं। इस पर भी उन्होंने कहा कि जरूरत के हिसाब से यहां भी महिला पुलिस अधिकारी बढ़ाई जाएंगी।
अपराध पर नकेल कसे अधिकारी
नूंह। पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने शनिवार को जिले के आधा दर्जन चौकी और थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पिनंगवा थाने के लिए पंचायत द्वारा दी गई जमीन का भी निरीक्षण किया। पिनगवां थाने में पहुंच पुन्हाना के डीएसपी शमशेर सिंह ,फिरोजपुर झिरका के डीएसपी सतीश कुमार व पिनगवां थाना प्रभारी तरुण दहिया के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को ईमानदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाने की बात कहीं, वहीं उन्होंने अधिकारियों को अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने के आदेश दिए। पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने पिनगवां के सरपंच संजय सिंगला, डीएसपी शमशेर सिंह, डीएसपी सतीश कुमार और पिनगवां थाना प्रभारी तरुण दहिया के साथ पिनगवां बिजली बोर्ड के समीप ग्राम पंचायत द्वारा दी गई 19 कनाल जमीन का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण कर सरपंच का आभार जताया।