-लगातार हो रही बारिश से बढ़ रही समस्या, जिम्स में दोगुनी हुई मरीजों की संख्या
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। लगातार हो रही बारिश के कारण शहर में संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ग्रेटर नोएडा के कासना स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में संक्रमण के मामले पिछले दो दिनों से बढ़े हैं। जिम्स की मेडिसिन ओपीडी में आने वाले रोजाना करीब 300 मरीजों में से करीब 70 से 100 के बीच संक्रमण के मामले आ रहे हैं। इनमें वायरल बुखार, खांसी, जुकाम के अलावा अन्य संक्रमण से पीड़ित मरीज आ रहे हैं।
जिम्स के मेडिसिन विभाग की अध्यक्ष डॉ. पायल जैन ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों में संक्रमण के मामले के तेजी से बढ़ रहे हैं। डॉ. पायल जैन ने बताया कि वायरल बुखार, खांसी-जुकाम के अलावा अन्य संक्रमण से जुड़ी बीमारियों के मामले पिछले दो दिनों में बढ़े हैं। बारिश के निकलने वाली धूप के कारण लोगों के शारीरिक स्थिति पर इसका प्रभाव देखने को मिल रहा है। क्योंकि बारिश के बाद निकलने वाली धूप और जमा पानी में पनपने वाले मच्छरों से बीमारियां फैल रही हैं। इसके अलावा बदलते मौसम के दौरान कोल्ड ड्रिंक और ठंडे पानी का प्रयोग करने के कारण खांसी-जुकाम और गले में दर्द की समस्या देखने को मिल रही है।