चिटहेरा में पुलिस टीम से अभद्रता, गाड़ी में की तोड़फोड़
- दादरी कोतवाली में महिला की शिकायत पर जांच करने पहुंची थी पुलिस
- ग्रामीणों से धक्का-मुक्की में दरोगा की वर्दी के सितारे टूटे, चार गिरफ्तार
संवाद न्यूज़ एजेंसी
दादरी। चिटहेरा गांव में मंगलवार शाम पुलिस टीम के साथ कुछ लोगों ने अभद्रता की। ग्रामीणों ने पुलिस टीम की निजी गाड़ी पर डंडों से तोड़फोड़ भी कर दी। इस दौरान धक्का-मुक्की में चौकी प्रभारी की वर्दी के सितारे और नेम प्लेट टूटकर गिर गई। किसी तरह पुलिसकर्मी वहां से निकले और कोतवाली को सूचना दी। उसके बाद मौके पर पुलिस बल पहुंचा और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को चिटहेरा गांव में एक महिला के साथ मारपीट होने की शिकायत मिली थी। पुलिस चौकी प्रभारी दरोगा मलूक सिंह टीम के साथ प्रकरण की जांच करने चिटहेरा गांव में अंतराम के घर पर गए थे। आरोप है कि वहां पूछताछ के दौरान अंतराम के परिजन पुलिस कर्मियों से अभद्रता करने लगे। विवाद बढ़ा तो वहां पर अन्य ग्रामीण भी एकत्र हो गए। जब पुलिस ने ग्रामीणों का सख्ती से विरोध किया तो उन्होंने टीम के साथ धक्का मुक्की करना शुरू कर दी। इस दौरान पुलिसकर्मियों की वर्दी पर लगी नेम प्लेट व सितारे भी गिर गए। साथ ही ग्रामीणों ने पुलिस की निजी गाड़ी पर लाठी-डंडों से हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी सुजीत कुमार उपाध्याय पुलिस बल के साथ चिटहेरा पहुंचे। मगर अधिक पुलिस बल को आता देख आरोपी भाग निकले। पुलिस ने धक्का मुक्की व अभद्रता करने के आरोप में मौके से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले में कोतवाली प्रभारी ने बताया कि अन्य आरोपियों को भी चिह्नित किया जा रहा है। सभी आरोपियों की जल्द ही गिरफ्तार की जाएगी।