जल मंत्री और समाज कल्याण मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
बवाना में सीवर और सड़क के अधूरे काम जल्द पूरे होंगे। समाज कल्याण मंत्री और उत्तर पश्चिम दिल्ली के प्रभारी रविन्द्र इन्द्राज सिंह और जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने बृहस्पतिवार को बवाना में चल रही सीवर परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने की योजना पर जल बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में रविन्द्र इन्द्राज ने बेगमपुर, शाहबाद में चल रही सीवर परियोजनाओं में देरी से स्थानीय निवासियों को हो रही दिक्कतों के बारे में बताया। इसके बाद जल मंत्री ने जल बोर्ड के अधिकारियों को काम जल्द और पूरी गुणवत्ता से पूरे करने के निर्देश दिए। समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि शाहबाद और बेगमपुर जीओसी में सीवर परियोजनाएं अब तक पूरी नहीं हुईं जो काम अब तक हुआ है वह भी संतोषजनक नहीं है। अधूरी सीवर लाइनें ओवरफ्लो होने से स्थानीय निवासियों को परेशानी हो रही है। सड़क, नाले और बुनियादी सुविधाएं भी अधूरी हैं। जल मंत्री ने बचे काम को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। जल बोर्ड के अधिकारियों को डीएसआईआईडीसी के साथ मिलकर काम करने के भी निर्देश दिए ताकि सीवर लाइनों के साथ सड़कें भी बन जाएं।
इधर, बवाना में जलापूर्ति, पल्ला एमबीआर से बवाना यूजीआर को जलापूर्ति, रोहिणी सेक्टर-23, 29 व 36 के यूजीआर को अतिरिक्त पानी देने, बवाना वाटर ट्रीटमेंट प्लांट री-सायक्लर संयंत्र से जल वितरण की योजना, सेक्टर-36 रोहिणी यूजीआर चालू कराने की योजना, सेक्टर-23, 29, 36 यूजीआर में पानी की कमी को दूर करने को लेकर भी चर्चा हुई। जल मंत्री ने बवाना में पर्याप्त जल आपूर्ति देने का वादा किया।