हालांकि नोएडा की तरफ से किसी भी वाहन चालक को रोका नहीं गया। दिल्ली पुलिस द्वारा चिल्ला, डीएनडी, कालिंदी कुंज बॉर्डर पर बेरिकेड लगाकर मुश्तैद रहने के कारण व्यस्त समय में सुबह आठ बजे से 11 बजे के बीच यातायात का काफी दबाव रहा। चिल्ला बार्डर होकर नोएडा से दिल्ली की ओर जा रहे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुधवार को बॉर्डर पर नोएडा और दिल्ली पुलिस के जवान सुबह से दिखाई दिए। हालांकि पिछले दिनों के मुकाबले पुलिस बल की मौजूदगी कम रही। कांस्टेबल, हेड कास्टेबल, उप-निरिक्षक और निरीक्षक स्तर के पुलिसकर्मी की बॉर्डर पर मौजूद रहे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी पूरे दिन ट्रैफिक जाम के साथ बॉर्डर पर कानून व्यवस्था की स्थिति पर नजर बनाए रखा।
डीसीपी यातायात अनिल कुमार यादव, एसीपी यातायात प्रथम राजीव कुमार, यातायात निरीक्षक शैलेंद्र सिंह ने बार्डर पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। सुबह 11 बजे के बाद से स्थिति सामान्य रही। यातायात पुलिस को कहीं से भी जाम की सूचना नहीं मिली। इस कारण दोपहर से शाम तक सामान्य रूप से चलता रहा। वहीं बार्डर पर तैनात पुलिसकर्मियों ने इससे राहत की सांस ली। चेकिंग के बजाए अस्थायी चौकी, कंट्र्रोल रूम से स्थिति का जायजा लिया।