ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की ऐस सिटी सोसाइटी निवासी सेल्स मैनेजर की कार का शीशा तोड़कर 800 डॉलर, 80 हजार रुपये, लैपटॉप, पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज चोरी का मामला सामने आया है। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दो आरोपियों ने दो मिनट के भीतर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है। अहम है कि बुधवार को भी सेक्टर-136 से भी गिरोह एक ठेकेदार की कार से इंपोर्टेड लामा-380 पिस्टल और पांच लाख रुपये चोरी की थी।
ऐस सिटी सोसाइटी निवासी वैभव शर्मा एक ऑटोमोबाइल कंपनी में सेल्स मैनेजर हैं। मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे बैंक से आए थे। उन्होंने सोसाइटी के बाहर कार खड़ी कर दी। लगभग 20 मिनट बाद वह वापस लौटकर आए तो कार का शीशा टूटा हुआ था। चोर उनकी कार में रखा लैपटॉप बैग, पासपोर्ट, 800 डॉलर और 80 हजार रुपये चोरी कर ले गए थे। वैभव ने बताया कि वह कंपनी की ओर से वह लगभग दो साल पहले टूर पर विदेश गए थे। तभी से उनके पास 800 डॉलर रखे थे। पुलिस पड़ताल में पता चला है कि बदमाशों ने दो चोरों ने मात्र दो मिनट के भीतर वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस मामले में केस दर्ज कर जांच कर रही है।
कार में नहीं रखें कीमती सामान
पुलिस का कहना है कि कार को पार्किंग, बाजार आदि स्थानों पर खड़ा करते समय कीमती सामान नहीं छोड़ना चाहिए। गिरोह के सदस्य ऐसे स्थानों पर पहले रेकी करते हैं। जहां पर कार खड़ी होती है। शीशे से झांककर वह देख लेते हैं कि किस कार के भीतर कीमती सामान रखा है। उसी को वह निशाना बनाकर वारदात करते हैं।