नोएडा में इसी होटल को किया गया सील।
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण की ओर से अधिसूचित क्षेत्रों में अवैध व मानकों के विपरीत किए गए निर्माण के ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई जारी है। बृहस्पतिवार को सेक्टर-35 के मोरना में सरकारी भूमि खसरा संख्या-86 पर निर्मित होटल सिटी सेंटर कॉटेज को प्राधिकरण ने सील कर दिया। चारागाह की जमीन पर बने पांच मंजिला होटल की कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आंकी गई है।
इस मामले की जांच शासन स्तर पर भी की गई थी। जांच के बाद शासन की ओर से ही इस मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। यह होटल नोएडा प्राधिकरण की अधिसूचित जमीन पर बनाया गया था और इसके संचालन के लिए नक्शा पास नहीं कराया गया था। इसके लिए ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट (ओसी) और कंप्लीशन सर्टिफिकेट (सीसी)भी नहीं लिया गया था। जांच के बाद इस पांच मंजिला होटल को प्राधिकरण ने सील कर दिया।
प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि तत्कालीन अधिकारी के सेवाकाल में ही इस मामले की विजिलेंस जांच शुरू हुई थी। उक्त अधिकारी पर आय से अधिक संपत्ति का मामला भी चला था। तहसील से बेदखली की कार्रवाई शुरू होेने के बाद यह पता करने की कोशिश की गई कि इस संपत्ति का मालिकाना हक किसका है। जांच में पता चला कि पता चला कि यह संपत्ति उक्त अधिकारी की पत्नी के नाम है। वर्ष 2017 में इसे किसी अन्य को बेच दिया गया।