संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। पुलिस ने जठलाना में अवैध खनन कर रहे लोगों पर कार्रवाई कर ट्रैक्टर-ट्रालियों को कब्जे में लिया है। इसके बाद आरोपी लोडर ट्रैक्टर को पुलिस से छुड़ाकर भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने यमुना नदी में अवैध खनन करने, सरकारी काम में बाधा डालने, धमकी देने व लोडर ट्रैक्टर को छीनकर ले जाने पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।
एसआई राजेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एचएसईएनबी यमुनानगर में बतौर आईओ तैनात है। 17-18 अक्टूबर की रात को वह पुलिस की टीम के साथ अवैध खनन को रोकने बारे चेकिंग ड्यूटी दे रहे थे। इस दौरान रात दो बजे उन्हें सूचना मिली कि जठलाना में बंद पड़ी रेत खान नंबर-11 में कुछ लोग ट्रैक्टर-ट्रालियों से अवैध खनन कर रहे है।
इसके बाद सुबह लगभग तीन बजे उनकी टीम ने मौके पर जाकर छापा मारा। उन्होंने देखा कि मौके पर छह ट्रैक्टर-ट्रालियां, 13 ट्रालियां, दो ट्रैक्टर लोडर से अवैध खनन किया था। जिसके बाद उनकी टीम ने जीपीएस से उनकी फोटो ली। एक ट्रैक्टर लोडर को थाना जठलाना में खड़ा करने के लिए ड्राइवर रोहित को भेजा गया। इस दौरान यमुना नदी से लगभग 200 मीटर दूरी पर जब ट्रैक्टर पहुंचे तो तीन-चार लोगों ने रास्ते में रोहित ड्राइवर का ट्रैक्टर रुकवा लिया। उपरोक्त लोगों ने ड्राइवर रोहित कुमार को लोडर ट्रैक्टर से गिराकर हाथापाई की और लोडर ट्रैक्टर को छीनकर भाग गए।
इस दौरान दोबारा ट्रैक्टरों को पकड़ने की कोशिश करने पर हमलावरों ने जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान ड्राइवर रोहित कुमार ने अपने मोबाइल से दो लोगों की फोटो खींच ली। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रालियों को कब्जे में लेकर अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।