ग्रेटर नोएडा। अल्फा-2 सेक्टर स्थित एक रेस्तरां में मंगलवार रात 11 बजे के बाद मलाई चाप देने से मना करने पर नशे में चार युवकों ने संचालक को पीटकर तोड़फोड़ कर दी। बीटा-2 थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से मोदीनगर निवासी सिद्धार्थ दीपक ने बताया कि उनका अल्फा-2 सेक्टर के सत्यम कांप्लेक्स में रेस्तरां है। 12 अप्रैल को वह रेस्तरां बंद करने में जुटे थे। इसी दौरान चार युवक रेस्तरां पर पहुंचे। चारों ने मलाई चाप देने की मांग की। दीपक ने कहा कि 11 बजे के बाद वह प्रशासन के निर्देशानुसार बिक्री नहीं करते, लेकिन आरोपी मलाई चाप की मांग पर अड़ गए। साफ मना करने पर आरोपी भड़क गए और दीपक को पीटकर रेस्तरां में तोड़फोड़ शुरू कर दी। आरोपियों ने सिलिंडर उठाकर भी पटक दिया। इसके बाद आरोपी धमकी देकर भाग गए।
एडीसीपी विशाल पांडेय ने बताया कि मामले में चार आरोपियों पर केस दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।