नोएडा। सेक्टर-62 स्थित आईथम टावर के पास बाइक फिसलने से युवक और युवती की मौत के मामले में सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिए गए। शव मिलते ही दोनों के परिजन बिलख पड़े। उनका बस यही कहना था कि नोएडा क्यों आए और बारिश में बाहर क्यों निकले। बारिश में बाहर नहीं निकलते तो जान बच जाती। परिजनों ने दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया है। वहीं, हादसे में घायल दोनों युवकों को घर भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि वाराणसी निवासी रीतिका और फरीदाबाद निवासी गंगेश गंधर्व फरीदाबाद में रहते थे। दोनों गुरुग्राम स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। रविवार को दोस्तों से मिलने के लिए नोएडा आए थे। बीती रात बारिश के दौरान सभी दोस्त बाइक से खाना खाने निकले थे। इसी दौरान रीतिका और गंगेश की बाइक बाइक फिसल गई। हादसे में दोनों की मौत हो गई। रात में ही पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दे दी थी। युवक के परिजन रात में ही नोएडा पहुंच गए थे, जबकि युवती के परिजनों को आने में सुबह हो गई। पोस्टमार्टम हाउस में दोनों के परिजनों का बुरा हाल था। उधर, घायल प्रशांत और कौशल को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवक-युवती खाना खाने के लिए बाहर निकले थे। लौटते वक्त बारिश तेज हो गई। रास्ते में अचानक ब्रेक लगाने के चक्कर में बाइक फिसल गई और हादसा हो गया।