- जिले में टायफाइड के मामले आने लगे सामने, डेंगू का मिल चुका है एक मामला
- वायरल बुखार के केस भी बढ़े, डॉक्टर दे रहे सलाह, पहले ही एंटीबायोटिक न खाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। बारिश के बीच वायरल बुखार के साथ टायफाइड ने भी लोगों को जकड़ लिया है। तीन दिन में बुखार ठीक नहीं हो रहा है तो जांच जरूर करा लें। लंबे समय से बुखार आ रहा है तो डेंगू भी हो सकता है।
अगस्त के बाद सितंबर के पहले सप्ताह में हो रही झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी से बड़ी राहत दी है, लेकिन वायरल बुखार के केस भी बढ़ रहे हैं। बारिश कम होने और तेज धूप के चलते लोग बीमार होने लगे हैं। मौसम के इस बदलाव का सबसे अधिक असर कम रोग प्रतिरोधक क्षमता वालों पर पड़ा है। लोग वायरल बुखार की चपेट में आने लगे। बुखार के मरीजों में टाइफाइड के भी लक्षण मिलने लगे। इन दिनों जिला अस्पताल की ओपीडी में सबसे अधिक मामले बुखार के आ रहे हैं। ऐसे में अगर तीसरे दिन सुधार नहीं उतर रहा है तो मरीजों को जांच कराने की सलाह दी जा रही है। जिले में अब तक डेंगू का एक केस सामने आ चुका है। यह संख्या आने वाले दिनों में बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. अनिल वोहरा ने बताया कि हर दिन वायरल बुखार के मरीज आ रहे हैं।