09 डोईवाला में आयोजित श्री खाटू श्याम वंदना महोत्सव में भजनों की प्रस्तुति देते भजन गायक।संवाद
श्री श्याम मस्त मंडल की ओर से नगर में आयोजित 13वें श्री खाटू श्याम वंदना महोत्सव में भजन गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से बाबा खाटू श्याम की महिमा का गुणगान कर भक्ति और श्रद्धा से श्रद्धालुओं को सराबोर कर दिया। देर रात श्रद्धालु भजनों की प्रस्तुतियों पर झूमते रहे।
ऋषिकेश रोड स्थित आशीर्वाद वाटिका परिसर में सजाए गए बाबा खाटू श्याम के भव्य दरबार में दीप प्रज्ज्वलित कर ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने वंदना महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में दुनिया के लोग आध्यात्म, धर्म और ईश्वरीय साक्षात्कार के लिए आते हैं।
दिल्ली की गायिका किशोरी कनिष्का ने हाथ जोड़ विनती करूं, सुनियो चित्त लगाए... भजन प्रस्तुत कीं। मेरठ के श्याम रसिया नवीन ने खाटू श्याम के दरस करा दे रसिया के माध्यम से रसिया शैली के भजनों से माहौल को भक्तिमय कर दिया।
हरिद्वार के विजय गोयल और जयपुर के मुकेश बांगडा ने खाटूश्याम रखे सबकी लाज की प्रस्तुतियों से भक्तों में बाबा के प्रति गहरा भाव जागृत किया। आयोजक मंडल के मनुज गुप्ता ने बताया कि महोत्सव के माध्यम से न केवल धर्म और भक्ति का प्रसार किया गया बल्कि सामाजिक एकता का भी संदेश दिया गया है। इस अवसर पर राकेश कुमार गुप्ता, ईश्वरचंद अग्रवाल, अनीता गुप्ता, मोहित गोयल, मनुज गुप्ता, राहुल अग्रवाल, ललित सिंघल सहित बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।