दनकौर। निजी अस्पताल संचालक के भाई का शव संदिग्ध हालत में शनिवार को यमुना एक्सप्रेसवे पर मिला। उनके शरीर पर चोट के निशान थे। पुलिस को आशंका है कि किसी वाहन की चपेट में आने से उनकी मौत हुई है। पुलिस का कहना है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
जेवर कोतवाली क्षेत्र के मंगरौली गांव निवासी डॉ. अजय शर्मा का दनकौर कस्बे में अस्पताल है। चिकित्सक का परिवार भी दनकौर में ही रहता है। अजय शर्मा ने बताया, उनके बड़े भाई संजय शर्मा (49) किसी काम से शुक्रवार को जेवर गए थे। देर रात तक जब वह नहीं लौटे तो परिवार के लोगों ने काफी तलाश की। शनिवार को एक्सप्रेसवे पर शव मिलने पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया, संजय के परिवार की ओर से कोई शिकायती पत्र नहीं दिया गया है। प्रथम दृष्टया जांच में एक्सप्रेसवे पर किसी वाहन से टक्कर होने से मौत होने की बात सामने आई है।