नोएडा(संवाद)। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास द्वारा सेक्टर 27 स्थित कैंप कार्यालय में वीर नायकों और वीर नारियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस दौरान डीएम मनीष कुमार वर्मा ने कारगिल युद्ध में वीरता दिखाने वाले कर्नल प्रविंद्र सिंह, डब्ल्यूओ देवराज नागर, सूबेदार जगदीश चंद्र, तेजराम, हवलदार राणा सिंह, जितेंद्र, सार्जेंट महाराज सिंह और जेडब्लूओ जेपी नागर को मोमेंटो व पौधा भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही वीर नारियों शहीद मेजर अनुराग नौरियाल की पत्नी कीर्ति चक्र प्राप्त उमा नौरियाल, शहीद सूबेदार जयसिंह की पत्नी शौर्य चक्र प्राप्त सुखवीरी देवी, शहीद गनर रामवीर सिंह की पत्नी सरोज कुमारी और शहीद ग्रेनेडियर रिश्पाल सिंह की पत्नी रामप्यारी देवी को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, पूर्व सैनिक, उनके परिजन और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।